पन्ना: डीईओ ऑफिस में लोकायुक्त ने लिपिक को 20 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया

पन्ना, 21 फ़रवरी (हि.स.)। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में लगातार कई वर्षो से लगभग हर वर्ष लोकायुक्त कार्यवाही की जाती है। कई लिपिक एवं डीईओ अब तक लोकायुक्त कार्यवाही के चलते सजा भोग चुके हैं। कार्रवाई होने के बाद भी भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी थमने का नाम नहीं ले रही है। ऐसे ही बुधवार को एक बार फिर सागर लोकायुक्त की टीम ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय मे पदस्थ लिपिक महेंद्र साहू को 20 हजार की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

लोकायुक्त सागर डीएसपी मंजू सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गत 16 फरवरी को शिकायत कर्ता किशोर सिंह राजपूत जो कि पेशे से शिक्षक है और पूर्व में घाट सिमरिया में पदस्थ था। उसका प्रमोशन होने के बाद जेडी शाखा भोपाल द्वारा बिहरासर में पदस्थपना के आदेश जारी किये थे। उक्त शिक्षक ने बिहरासर में ज्वाइन कर लिया। लेकिन वहां के प्राचार्य द्वारा कहा गया कि आप अपने पूर्व पदस्थापना स्थल पर ज्वाइनिंग दे। इसके लिए शिकायतकर्ता जिला शिक्षा अधिकारी एसबी मिश्रा से मिला। जिला शिक्षा अधिकारी ने फरियादी को आरोपित लिपिक महेंद्र साहू से मिलने के लिए कहा। जब शिकायत कर्ता आरोपित महेंद्र साहू से मिलने गये और उसने जिला शिक्षा अधिकारी की मंशानुसार पदस्थापना के नाम पर 25 हजार रूपये की मांग की। बाद में सौदा 20 हजार में तय हो गया। फरियादी ने इसकी शिकायत लोकायुक्त में 16 फरवरी को थी। जिस पर बुधवार को योजनानुसार शाम छह बजे 20 हजार के नोट लेकर फरियादी आरोपित लिपिक महेंद्र साहू को को देने पहुंचा। जैसे ही लिपिक ने पैसे लिये तत्काल लोकायुक्त टीम ने मय रिश्वत के नोटों सहित गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी ने बताया कि उक्त रूपये लिपिक महेंद्र साहू द्वारा पहनी गई काली शर्ट की जेब से बरामद किये गये हैं। लोकायुक्त टीम ने उपरोक्त लिपिक के विरूद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है समाचार लिखे जाने तक कार्यवाही जारी थी।

हिन्दुस्थान समाचार/ सुरेश/रोहित /नेहा

   

सम्बंधित खबर