मप्र : मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मौलाना आजाद, कस्तूरबा गांधी और स्वामी श्रद्धानंद को किया याद

भोपाल, 22 फरवरी (हि.स.) । प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को देश के प्रथम शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद, स्वतंत्रता सेनानी कस्तूरबा गांधी की पुण्यतिथि और स्वतंत्रता सेनानी, स्वामी श्रद्धानंद की जयंती पर नमन किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें याद करते हुए विनम्र श्रद्धाजंलि दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले, देश के प्रथम शिक्षा मंत्री एवं भारत रत्न मौलाना अबुल कलाम आजाद जी को उनकी पुण्यतिथि पर सादर नमन करता हूँ। राष्ट्र के नवनिर्माण एवं समाज के उत्थान के लिए समर्पित आपका ध्येयपूर्ण जीवन सर्वदा युवाओं को मां भारती एवं समाज के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन के लिए प्रेरित करता रहेगा।

कस्तूरबा गांधी को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने लिखा कि समर्पण, अनुशासन और सादगी की प्रतिमूर्ति, स्वतंत्रता सेनानी श्रद्धेय कस्तूरबा गांधी जी ‘बा’ की पुण्यतिथि पर सादर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। सत्य और अहिंसा की सिद्धि से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी ने देश की स्वतंत्रता के लिए जो तप किया, उसे मां कस्तूरबा जी ने सतत ऊर्जा प्रदान कर गतिमान बनाए रखा। देश के लिए समर्पित आपका जीवन नारी शक्ति के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

उन्होंने मुख्यमंत्री ने स्वामी श्रद्धानंद का स्मरण करते हुए लिखा कि समाज सुधारक, शिक्षाविद्, स्वतंत्रता सेनानी, स्वामी श्रद्धानंद जी की जयंती पर शत्-शत् नमन करता हूं। वैदिक धर्म की शिक्षा के लिए आपने हरिद्वार में गुरुकुल की स्थापना की, जो अब 'गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय' है। देश की स्वतंत्रता और कमजोर वर्ग के उत्थान के लिए आपके प्रयास अनंतकाल तक राष्ट्र भक्ति की प्रेरणा देते रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / उमेद/मयंक

   

सम्बंधित खबर