संदेशखाली मामले को लेकर कोलकाता में लगातार धरना देगी भाजपा
- Admin Admin
- Feb 24, 2024
कोलकाता, 24 फरवरी (हि.स.)। संदेशखाली में महिलाओं के यौन उत्पीड़न के मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी लगातार आंदोलन के मूड में है। स्थानीय तृणमूल नेता शेख शाहजहां और उसके सहयोगियों की ओर से सालों तक महिलाओं का शोषण किए जाने और पुलिस की ओर से कोई मदद नहीं मिलने को लेकर भारतीय जनता पार्टी अब राजधानी कोलकाता में भी ममता बनर्जी की सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी में है।
भाजपा सूत्रों के मुताबिक पार्टी ने संदेशखाली घटना के विरोध में कोलकाता में लगातार तीन दिनों तक धरना कार्यक्रम आयोजित करने की भी योजना बनाई है। यह धरना कोलकाता में गांधी प्रतिमा के नीचे अगले मंगलवार 27 फरवरी से शुरु होकर गुरुवार 29 फरवरी तक लगातार तीन दिनों तक चलेगा। बताया जा रहा है कि धरना कार्यक्रम का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी करेंगे। इसके बाद छह मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पश्चिम बंगाल दौरा होना है, जहां उनके मंच पर भी संदेशखाली के पीड़ितों को ले जाया जाएगा।
सुकांत मजूमदार ने पहले ही जानकारी दी है कि अगर सब कुछ ठीक रहा तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छह मार्च को बारासात के कचहरी मैदान में सभा करेंगे। भाजपा की योजना उस सभा में संदेशखाली के ''पीड़ितों'' को पेश करने की है। इसके पहले केंद्रीय गृह मंत्री 29 फरवरी को राज्य में आने वाले थे। उस दिन उन्हें नदिया के मायापुर स्थित इस्कॉन मंदिर जाना था। इसके बाद राणाघाट और आसपास की अन्य लोकसभाओं के भाजपा नेतृत्व के साथ उनकी बैठक होनी थी। हालांकि, वह दौरा रद्द कर दिया गया है। इस बीच राजधानी कोलकाता में पार्टी का विरोध प्रदर्शन राज्य सरकार के लिए सर दर्द बनने वाला है। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश