आचार संहिता से पहले भाजपा करेगी नामों का ऐलान

रायगढ़,26 फरवरी (हि.स.)।छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव को लेकर केंन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक में सभी 11 नामों पर मंथन किया गया है और जल्द ही भाजपा अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर सकती है।

रायगढ़ लोकसभा सीट से उम्मीदवारों की लिस्ट तो लंबी है, लेकिन इसमें बीजेपी की शांता साय का नाम सबसे आगे बना हुआ है। शांता साय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की भतीजी हैं। शांता साय लंबे समय से भाजपा से जुड़ी हुईं हैं और वह भाजपा की महिला मोर्चा सहित विभिन्न पदों पर रह चुकी हैं, लिहाजा उन्हें राजनीति का लंबा अनुभव भी है।इसके अलावा भाजपा की पूर्व सांसद और वर्तमान विधायक गोमती साय, रवि भगत, कौशल्या देवी, सुनीति राठिया ,सत्यानंद राठिया, सुषमा खलखो का नाम भी चर्चा में बना हुआ हैं। सूत्रों की मानें तो बीजेपी आचार संहिता लगने से पहले उम्मीदवारों की सूची जारी कर सकती है।

छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीट में से 2 सीटों पर कांग्रेस का कब्जा है,शेष 9 सीटों पर भाजपा के सांसद है। इस बार पार्टी ने सभी 11 सीट जीतने का लक्ष्य रखा है। लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा नेताओं की बैठकें शुरू हो गई है साथ ही केंन्द्रीय नेताओं का भी राज्य में आना जाना शुरू हो गया है।

हिन्दुस्थान समाचार /रघुवीर प्रधान

   

सम्बंधित खबर