लोकसभा चुनाव के पूर्व भाजपा पदाधिकारी गांवों में प्रवास करेंगे, रविवार से शुरुआत

-किसानों से विकसित भारत के लिए गांव के विकास पर होगी चर्चा

-केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं पर भी होगी बातचीत

वाराणसी, 03 फरवरी (हि.स.)। लोकसभा चुनाव के पूर्व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चार फरवरी से राष्ट्रीय स्तर पर गांव चलो अभियान शुरू करने की पूरी तैयारी की है। अभियान में पार्टी संगठन के पदाधिकारी गांवों में प्रवास कर किसानों से विकसित भारत के लिए गांव के विकास पर चर्चा करेंगे। साथ ही उन्हें केन्द्र और राज्य सरकार के जन कल्याणकारी योजनाओं को भी बताएंगे। काशी क्षेत्र में अभियान को सफल बनाने के लिए रोहनिया स्थित कार्यालय में क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने बताया कि वाराणसी के परिपेक्ष्य में संगठन स्तर पर जिला व महानगर में यह अभियान 9, 10 व 11 फरवरी को चलाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मानना है कि भारत केवल विकसित गांवों के साथ ही विकसित हो सकता है। यही कारण है कि केन्द्र सरकार की प्रत्येक योजना गांव, गरीब, किसान के कल्याण के लिए समर्पित है। गांव चलो अभियान के तहत देश के 7 लाख गांवों में जनता से 24 घंटे प्रवास के माध्यम से सम्पर्क करना है। गांव चलो अभियान बूथ स्तर पर लोगों से सीधे जुड़ने का माध्यम बनेगा। क्षेत्र अध्यक्ष ने कहा कि गांव चलो अभियान व्यापक ग्राम सम्पर्क व जनसम्पर्क का अभियान है। रविवार 4 फरवरी से प्रारम्भ हो रहे अभियान में प्रत्येक व्यक्ति से सम्पर्क, प्रत्येक लाभार्थी से सम्पर्क करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की भाजपा सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी चर्चा करना है। राजनैतिक दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ लिए गए सरकार के निर्णयों पर भी संवाद करना है।

अभियान के तहत ग्राम संयोजक व ग्राम प्रवासी तय किये जाएंगे, जो डोर टू डोर-मैन टू मैन कनैक्टिविटी की माइक्रोप्लानिंग पर काम करेंगे। प्रवास के दौरान स्वच्छता अभियान, शहीदों के परिजनों का सम्मान, खिलाड़ियों, अधिवक्ताओं, शिक्षकों सहित विभिन्न कार्य क्षेत्रों से जुडे़ लोगों से सम्पर्क करना है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत नमो ऐप पर विकसित भारत एम्बेसडर बनाने का भी काम करना है। भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का पत्रक लेकर हर घर की चौखट तक हमें पहुंचना है।

बैठक का संचालन महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने व धन्यवाद ज्ञापन जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने किया। बैठक में क्षेत्र अशोक चौरसिया, सुशील त्रिपाठी, संतोष पटेल, नवरतन राठी, राकेश शर्मा आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/आकाश

   

सम्बंधित खबर