रतलाम: हत्या के आरोपित पिपलौदा जनपद उपाध्यक्ष निलंबित
- Admin Admin
- Feb 09, 2024
रतलाम, 9 फ़रवरी (हि.स.)। पिपलौदा थाना के ग्राम कंचनखेड़ी में वृद्ध की हत्या के मामले में जेल में बंद पिपलौदा जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष सुरेश जाट को कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार ने निलंबित कर प्रस्ताव शासन को भेज दिया है।
सुरेश जाट व अन्य आरोपित राहुल जाट निवासी ग्राम कंचनखेड़ी को पुलिस ने गिरफ्तार कर छह फरवरी को न्यायालय में पेश किया था। न्यायालय ने दोनों सात फरवरी तक पुलिस रिमांड पर रखने के आदेश दिए थे। रिमांड अवधि खत्म होने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया था।
उल्लेखनीय है कि 77 वर्षीय नाथूलाल चौधरी निवासी ग्राम कंचनखेड़ी के पुत्र धर्मेंद्र चौधरी के साथ आरोपित सुरेश जाट व उसके साथियों ने 5 सितंबर 2022 को मारपीट की थी। पुलिस ने धर्मेंद्र की रिपोर्ट पर आरोपित जनपद उपाध्यक्ष सुरेश जाट, मोतीलाल जाट, रमेश जाट, लाखन जाट, विक्रम, धारासिंह, कपिल पालीवाल, कन्हैयालाल, सुभाष व विकास के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। इस प्रकरण में नाथूलाल गवाह थे।
हिन्दुस्थान समाचार/ शरद जोशी