कांग्रेस के इशारे पर दंगा भड़काना चाह रहे हैं तौकीर रज़ा : मोहसिन रज़ा

लखनऊ, 09 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री मोहसिन रज़ा ने तौकीर रज़ा और कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि तौकीर रज़ा के बिगड़े बोल के पीछे कांग्रेस है। कभी समाजवादी पार्टी (सपा) का झण्डा थामने वाले तौकीर रज़ा अब कांग्रेस के इशारे पर उप्र में दंगा भड़काना चाह रहे हैं।

एमएलसी मोहसिन रजा ने कहा कि प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों से देश में और सात वर्षों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास हो रहा है। कानून का राज कायम हुआ है। यह सब कांग्रेस और तौकीर रज़ा को हजम नहीं हो रहा है। कांग्रेस के इशारे पर उनके बोल बिगड़ गए हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। योगी सरकार में इस प्रकार के बोल बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

मोहसिन रजा ने कहा कि वह मुसलमानों को भड़काना चाहते हैं लेकिन वह इसमें सफल न होंगे। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार में बिना किसी भेदभाव के सभी मुसलमानों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है। तौकीर रजा जैसे चंद लोग माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। मोहसिन रज़ा ने हिन्दुस्थान समाचार से कहा कि एक बात और स्पष्ट कर दूं कि तौकीर रज़ा कोई मौलाना नहीं हैं। वह मान्यता प्राप्त धर्म गुरु नहीं हैं। वह नेता हैं। इसीलिए वह नेताओं की भाषा बोल रहे हैं। उनकी भाषा किसी धर्म गुरु की नहीं हो सकती। धर्म गुरु सही मार्ग पर चलने की बात करते हैं। मौलाना किसी को भड़काने का काम नहीं करते।

उल्लेखनीय है कि जुमे की नमाज़ के बाद बरेली में शुक्रवार को बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग एकत्र हुए और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ नारेबाजी की।

हिन्दुस्थान समाचार/दिलीप शुक्ल/राजेश

   

सम्बंधित खबर