भक्ति के अधीन है परमात्मा: नागेंद्र ब्रह्मचारी

छिंदवाड़ा,14 मार्च (हि.स.)। छिंदवाड़ा की संस्कार कालोनी परतला में भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा के दौरान गुरुवार को व्यासपीठ पर विराजमान नागेन्द्र ब्रह्मचारी ने कथा के पांचवें दिन कहा कि परमात्मा भक्ति के अधीन हैं और भक्ति के कारण परमात्मा अनेक रूप लेकर आते हैं। बालकृष्ण ने वासुदेव-देवकी के यहां जन्म लेकर गोकुल में नंद बाबा के घर अनेक लीलायें की।

ब्रहमचारी जी ने कहा कि जिसके जीवन में सरलता एवं सहजता आ गयी उसका जीवन धन्य हो जाता है। हर व्यक्ति अपने आप को बड़ा एवं महान कहलाना चाहता है परंतु जीवन में सरलता आ गयी तो व्यक्ति स्वयं महान बन जाता है। प्रयत्न नही करना पड़ता भगवान कृष्ण चराचर के नायक होने पर भी अपनी प्रभुता छोड़ थोड़े से छाछ के लिए जमीन पर चले आते हैं। गोवर्धन उठाने गोप गोपिओं के साथ सहज लीला करते हैं। गोपियों संग घर का कार्य करते हैं। कन्हैया की सभी प्रकार की लीलायें है। वे बलशाली पूतना, सकरासुर अघासुर ,बकासुर का वध करते हैं माखन के लिए नाचते भी हैं और गोपियों को नाचते भी हैं। रासलीला भी करतें हैं।

गुरुवार को कथास्थल पर ग्वाल वालों के संग माखन चोरी मटकी फोड़ने की झांकी सजाई गई जिसका भक्तों ने आनंद लिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर पुण्य लाभ लिया। कथा के उपरांत आरती प्रसाद का वितरण किया गया। शुक्रवार को कृष्ण रुक्मणी विवाह की कथा होगी।

हिन्दुस्थान समाचार/संदीप सिंह चौहान/मुकेश

   

सम्बंधित खबर