भोपाल के बागसेवनिया इलाके में टेंट हाउस गोदाम में लगी भीषण आग

तीन घंटे की कढ़ी मशक्कत के बाद काबू पाया गया

भोपाल, 15 मार्च (हि.स.)। राजधानी भोपाल के बागसेवनिया इलाके में शुक्रवार सुबह एक टेंट हाउस गोदाम में भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद गोदाम में रखे चार सिलेंडरों में ब्लास्ट हो गया। धमाके से गोदाम का टीनशेड करीब 50 फीट दूर जाकर गिरा। धमाके की आवाज और आग की लपटों को देख लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। टेंट हाउस के गोदाम में जहां आग लगी, उसके आसपास घनी बस्ती है। आग की लपटों को देखकर लोगों ने इसकी सूचना फायर कंट्रोल रूम को दी गई। जिसके बाद मौके पर करीब दस से ज्यादा दमकलों को भेजा गया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद इस आग पर काबू पा लिया गया।

जानकारी के मुताबिक, राजधानी भोपाल के बाग सेवनिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत अरविंद विहार में संचालित हो रहे व्यंजन टेंट हाउस के गोदाम में शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे के आसपास अचानक आग लग गई। टेंट हाउस में आग लगी तो पहले यहां रखी कुर्सियों, पर्दे व साज-सज्जा के सामान जले। इस दौरान गोदाम के कर्मचारियों ने आग बुझाने की कोशिश की। कुछ ही देर में इस आग ने वहां रखे सिलेंडरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। जिससे एक के बाद एक चार सिलेंडर ब्लास्ट हुए। इससे गोदाम के टिनशेड की चद्दरें भी 50 से 100 फीट तक दूर जा गिरीं। कर्मचारियों ने भागकर जान बचाई। आग इतनी विकराल थी कि पांच किलोमीटर दूर से आग की लपटों का धुंआ देखा जा सकता था।

कढ़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया

आग लगने के बाद भोपाल के बोगदापुल, आइएसबीटी, माता मंदिर, कबाड़खाना और गोविंदपुरा फायर स्टेशन से लगभग 10 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। नगर निगम के फायर अधिकारी रामेश्वर नील ने बताया कि ''लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका है।'' गोदाम किस संस्थान का है उन्होंने यह बताने से फिलहाल मना कर दिया। लेकिन स्थानीय लोगों ने बताया कि साकेत नगर स्थित व्यंजन रेस्टोरेंट और टेंट हाउस का यह गोदाम था। लोगों ने गोदाम में घरेलू गैस सिलेंडर से रिफिलिंग किए जाने का आरोप भी लगाया है। गोदाम में एलपीजी के घरेलू सिलेंडर भी मिले हैं। टेंट हाउस के गोदाम के आसपास करीब 100 से अधिक झुग्गियां व मकान है। यदि समय रहते दमकलकर्मी आग पर काबू नहीं पाते तो आग आसपास की बस्ती को भी अपनी चपेट में ले लेती और बड़ा हादसा हो सकता था। गोदाम बनाने के लिए नगर निगम द्वारा जो नियमावली बनाई गई है उसका पालन नहीं किया गया था। ऐसे में अब इस मामले में नगर निगम जांच करने की बात कह रहा है।

विधायक कृष्णा गौर पहुंची

घटना के बाद मंत्री कृष्णा गौर मौके पर पहुंची। इस दौरान उन्होंने कहा कि यहां अवैध रूप से काम किया जा रहा था। ऐसा काम अवैध बस्तियों में किया जाता है। बस्तियों में इस तरह के बड़े हादसे हो जाते हैं। मैंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि ऐसी बस्तियों में अवैध काम हो रहे है, उन्हें चिन्हित कर बंद किया जाए। कृष्णा गौर ने कहा कि निश्चित रूप से यहां अवैध काम हो रहा था। स्थानीय लोगो का भी आरोप है। स्थिति कंट्रोल में है। कोई जनहानि नहीं हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा/मयंक

   

सम्बंधित खबर