कार्यकर्ता घर-घर जाकर मोदी की तरफ से राम-राम कहें: डॉ. महेंद्र सिंह

हरदा/बैतूल, 16 मार्च (हि.स.)। बूथ एवं पन्ना समिति के कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर केन्द्र सरकार की योजनाओं से आमजन को अवगत कराए। साथ ही उनको प्रधानमंत्री मोदी की तरफ से राम-राम कहते हुए लोकसभा चुनाव में फिर एक बार भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित भी करें।

यह बात पार्टी के लोकसभा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने शनिवार को हरदा में कच्छ कड़वा पाटीदार मांगलिक भवन में कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते हुए कही। बैठक को उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, पूर्व मंत्री कमल पटेल, सांसद दुर्गादास उइके, जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा पूर्व विधायक संजय शाह ने भी संबोधित किया। डॉ. सिंह ने हरदा में बैठक के पश्चात बैतूल पहुंचकर कार्यकर्ता बैठक को संबोधित कर चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया।

डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि आज देश के साथ दुनिया में भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जय-जयकार हो रही है। देश समृद्ध एवं विकसित भारत की परिकल्पना को लेकर आगे बढ़ रहा है। अनुच्छेद 370, राम मंदिर, तीन तलाक जैसे मुद्दों को हल करके देश की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढाने का कार्य किया जा रहा है। आधारभूत संरचना के माध्यम से विकसित भारत को साकार रूप देने में परिवहन के साधनों की संख्या बढ़ाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि आजादी के 100 वर्ष बाद भारत कैसा हो इसको ध्यान में रखते हुए प्रत्येक क्षेत्र में केंद्र सरकार काम कर रही है। अखंड भारत का जो सपना हमारे पूर्वजों ने देखा था उसे साकार रूप देने के लिए नरेंद्र मोदी लगातार कार्य कर रहे हैं। स्वामी विवेकानंद के स्वप्न 21वीं सदी भारत की होगी, उस दिशा में प्रधानमंत्री लगातार कार्य कर रहे हैं।

भारत को विश्व गुरू बनाने के लिए मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है

डॉ. महेन्द्र सिंह ने बैतूल में कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा कि जिले में 10 निकायो में से आठ पर भाजपा की सरकार है। वहीं 10 जनपद में से आठ जनपद पर भाजपा समर्थित सरकार काबिज है। ऐसे में अब जब लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है तब पंचायत से लेकर संसद तक भाजपा की सरकार होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरदा और हरसूद के कार्यकर्ता भाजपा को सात लाख मतों से जिताने की बात पर विश्वास जता रहे हैं। पूरा देश मोदी जी के नेतृत्व में प्रगति कर रहा है। तीसरी शताब्दी में हम विश्व गुरू थे, सोने की चिड़िया थे आज हम जब पूछते हैं कि दुनिया की सबसे बडी युनिर्वसिटी कौन सी है तो लोग आक्फोर्ड का नाम लेते हैं। किन्तु आक्सफोर्ड के प्रोफेसर से पूछा जाए कि दुनिया की सबसे पुरानी युनिवर्सिटी कौन सी है तो वह नालंदा व तक्षशीला का नाम लेंगे। हमें भारत को पुनः उसी गौरवशाली स्थान पर पहुंचाना है जिसके लिए दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना होगा।

भाजपा अपनी नीतियों से लगातार देश को आगे ले जा रही

डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प मतलब विरासत के साथ विकास है। भाजपा की सरकार ने अपनी नीतियों से देश को आगे ले जाने का कार्य किया है। भाजपा लगातार पांच वर्ष कार्य करने और सतत काम करने का संकल्प लेने वाली पार्टी है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पार्टी ने कार्यकर्ताओं को विकसित भारत संकल्प की जिम्मेदारी सौंपी है कि वह जन-जन तक इसको लेकर पहुंचे और जनता से आग्रह करें कि सरकार की जो योजनाएं अच्छी है, उसे आगामी पांच वर्ष में सरकार को क्या बेहतर कार्य करना है, इसको लेकर सुझाव दें।

बूथ पर 10 प्रतिशत मतदान बढ़ाना हैः शुक्ल

उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने हरदा एवं बैतूल में आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ता जिस मतदान केंद्र पर निवास करते हैं उस पर संपूर्ण भौगोलिक राजनीतिक एवं सामाजिक स्थिति का आंकलन होना आवश्यक है। प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ पर 10 प्रतिशत मतदान बढ़ाकर बूथ को मजबूत बनाएंगे।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ताओं ने ली पार्टी की सदस्यता

लोकसभा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह के समक्ष हरदा में भाजपा की रीति नीति से प्रभावित होकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रकाश वशिष्ट एवं अशोक नेगी के नेतृत्व में लगभग 100 से अधिक कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ली। वरिष्ठ नेताओं ने सभी को पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

   

सम्बंधित खबर