राजगढ़ः हर बूथ को मोदी बूथ बनाने में लग जाए भाजपा कार्यकर्ता- वीडी शर्मा

राजगढ़,17 मार्च (हि.स.)। चुनाव प्रबंधन समिति की पूरी टीम लोकसभा चुनाव में पार्टी को एतिहासिक जीत दिलाने के साथ 370 के लक्ष्य को लेकर मैदान में उतर चुकी है, भाजपा में अभी ज्वाइनिंग अभियान चल रहा है, कांग्रेस के सरपंच, जनपद सदस्य, पार्षद और बूथ तक का कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो रहा है, हर बूथ कांग्रेस मुक्त हो इसलिए यह अभियान चलाया जा रहा है। भाजपा का हर कार्यकर्ता 10 दिनों तक दो घंटे में हर बूथ पर जाए। मुझे लगता है कि अभी राजगढ़ लोकसभा के अधिकांश बूथों पर भाजपा कार्यकर्ता नही पहुंचा है, लेकिन आज से अभियान में पूरा समय देकर हर बूथ को मोदी बूथ बनाने का संकल्प लिया जाए। यह बात रविवार को होटल संस्कृति राजगढ़ में आयोजित लोकसभा प्रबंधन समिति की बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णूदत्त शर्मा ने कही।

इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर ने मालवा की प्रसिद्व पगड़ी पहनाकर अतिथियों का स्वागत किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बैठक में कहा कि राजगढ़ लोकसभा सीट हम पहले 4.5 लाख मतों से जीते थे इस बार आठ लाख मतों से जीतकर प्रदेश में रिकाॅर्ड बनाए। उन्होंने कहा कि चुनाव राजनीति से नही बल्कि देश की संस्कृति, स्वाभिमान और गरीब कल्याण की योजनाओं के आधार पर जीते जाते है। उन्होंने कहा कि डाॅ.श्यामाप्रसाद मुखर्जी के बलिदान से भाजपा खड़ी हुई है। धारा 370 कश्मीर की है, जो मोदी सरकार ने हटाई है, धारा 370 का लक्ष्य लेकर हमें हर बूथ पर जाना है। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि आगामी चुनाव में राजगढ़ लोकसभा का हर बूथ कांग्रेस मुक्त होगा और हर बूथ मोदी बूथ होगा। संगठन को लेकर उन्होंने कहा कि हम कोई अच्छा काम करते है तो हमें शाबासी मिलती है, इसके पीछे हमारे कार्यकर्ताओं की मेहनत रहती है। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने दीवार लेखन, प्रबुद्वजनों व जनप्रतिनिधियों से अलग- अलग संवाद किया बाद में कार्यालय पहुंचकर काॅल सेंटर का अवलोकन किया। इस मौके पर सांसद रोडमल नागर ने मोदी के 400 पार के नारे को सार्थक करने के लिए कार्यकर्ताओं से अपील की। बैठक में लोकसभा प्रभारी विकास विरानी, लोकसभा संयोजक दीपेन्द्र सिंह चैहान ने संबोधन दिया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री देवीसिंह सौंधिया और आभार जिला महामंत्री अमित शर्मा ने माना। इस मौके पर राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार, राज्य मंत्री गौतम टेटवाल, विधायक मोहन शर्मा, अमरसिंह यादव, हजारीलाल दांगी, जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर, गुना जिला अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिकरवार, चिंतामणी राठौर, सुरेन्द्र शर्मा, सोनू गहलोत, राजगढ़ मीडिया प्रभारी आनंद त्रिपाठी, जगदीश दास सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ मनोज पाठक/नेहा

   

सम्बंधित खबर