मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा जोधपुर पहुंचे, कार्यकर्ताओं के साथ करेंगे बैठक
- Admin Admin
- Mar 19, 2024
जयपुर, 19 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा मंगलवार सुबह जोधपुर पहुंचे हैं। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मुख्यमंत्री शर्मा की अगवानी की। मुख्यमंत्री जोधपुर में मेडिकल कॉलेज के सभागार में होने वाली चार लोकसभा क्षेत्रों की कलस्टर की बैठक में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री शर्मा विशेष विमान से रवाना होकर आज सुबह जोधपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने उन्हें बुके भेंट कर स्वागत किया। चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, राज्यसभा सदस्य नारायण पंचारिया, जीव जंतु कल्याण बोर्ड अध्यक्ष जसवंत सिंह बिश्नोई, मेयर वनिता सेठ ने उनकी अगवानी की। इस मौके पर पूर्व जेडीए चेयरमैन डॉ महेंद्र सिंह, पूर्व भाजपा अध्यक्ष भोपाल सिंह बडला, भाजपा शहर अध्यक्ष देवेंद्र सालेचा और अन्य भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री शर्मा जोधपुर एयरपोर्ट से सीधे मेडिकल कॉलेज के लिए रवाना हुए, जहां वे जोधपुर क्लस्टर कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। शर्मा यहां चार लोकसभा क्षेत्र जोधपुर, पाली, बाड़मेर-जैसलमेर और जालोर-सिरोही सीटों के कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव के लिए जीत का मंत्र देंगे।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री शर्मा उदयपुर के लिए रवाना होंगे। वे वहां लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर भाजपा की कलस्टर कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार/संदीप/सुनील