लोकसभा चुनाव : कांग्रेस सरकार ने छग को लूटा, बस्तर-सरगुजा का विकास रोकने का काम किया : विष्णुदेव साय

कांग्रेस की सरकार ने छत्तीसगढ़ को लूटा, बस्तर-सरगुजा का विकास रोकने का काम किया-विष्णुदेव साय

रायपुर/जगदलपुर, 27 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि महेश कश्यप मतलब विष्णुदेव साय। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने आदिवासियों को सिर्फ वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया। वोट बैंक के रूप में आदिवासियों के वोट लेते रहे, लेकिन आदिवासियों का विकास नहीं हुआ। छत्तीसगढ़ के लिए शर्म की बात है कि एक पूर्व मुख्यमंत्री पर देवों के देव महादेव के नाम पर सट्टा एप चलवाने वालों से 508 करोड़ रुपये का प्रोटेक्शन मनी लेने का आरोप लगा है। ऐसे लोगों और उसकी पार्टी की जमानत जब्त करानी है।बस्तर से कांग्रेस को उखाड़ फेंकना है।

बुधवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जगदलपुर में बस्तर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार महेश कश्यप के विशाल नामांकन रैली में हुंकार भरी। साय ने कहा कि कांग्रेस आदिवासी विरोधी है और हमारे पास अवसर आया है इनको लोकसभा चुनाव में मजा चखाने का. छत्तीसगढ़ की जनता से लोक लुभावन वादे कर उनको ठगने वालों को बस्तर की जनता सबक सिखाएगी। विधानसभा चुनाव में बस्तर वासियों ने हमें 8 सीट दी अब लोकसभा चुनाव में भी बस्तर की जनता का आशीर्वाद लेने आया हूँ। श्री साय ने बुधवार को बस्तर की लोकसभा सीट के लिए आयोजित नामांकन दाखिला रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पांच साल कांग्रेस पार्टी की सरकार ने छत्तीसगढ़ को लूटा। बस्तर और सरगुजा का विकास रोकने का काम किया। अब एक बार फिर कांग्रेस को सबक सिखाने का मौका मिला है।

साय ने कहा कि बस्तर और सरगुजा हमारी सरकार के विशेष फोकस में रहेगा। जहां तक बस्तर क्षेत्र के विकास की बात है, यह भारतीय जनता पार्टी की देन है। हमारे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की देन है। पूरे बस्तर क्षेत्र का और छत्तीसगढ़ का विकास अगर किसी ने किया है तो भाजपा की सरकार ने किया है।

साय ने कांग्रेसी कुशासन की चर्चा करते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में क्या हाल हुआ? पूरे बस्तर क्षेत्र ने विकास की गति पकड़ी थी, 15 वर्षों में डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में पूरे छत्तीसगढ़ का विकास हो रहा था, उसे रोकने का काम कांग्रेस की भूपेश सरकार ने किया। जो भी केंद्र से गरीबों के लिए योजनाएं थी सबको बंद करने का काम कांग्रेस की सरकार ने किया। गरीबों का हक छीना। 5 साल में ग्रामीण क्षेत्र में एक भी गरीब का प्रधानमंत्री आवास नहीं बना। इसलिए इस बार इस कांग्रेस को उखाड़ फेंकना है। विधानसभा के चुनाव में आप सब लोगों का आशीर्वाद मिला और भाजपा को ऐतिहासिक विजय मिली। यह आशीर्वाद अभी लोकसभा के चुनाव में भी देना है। डबल इंजन की सरकार रहेगी तो तेजी से विकास होगा। मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए बस्तर लोकसभा को भी सहभागी होना पड़ेगा।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि आज प्रदेश सरकार के 100 दिन पूरे हो रहे हैं। मात्र 3 महीने में मोदी की गारंटी में जो हमारी पार्टी का जो वादा था छत्तीसगढ़ की जनता से, अधिकांश हम लोगों ने पूरा किया है। आज 18 लाख प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति दिए हैं। 13 दिसंबर को हमारी सरकार ने शपथ ली और 14 दिसंबर को ही पहली कैबिनेट बुलाकर 18 लाख प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति दे दिए हैं। अगले महीना से सब का धड़ाधड़ प्रधानमंत्री आवास बनना शुरू हो जाएगा। हमारे किसानों को उम्मीद नहीं थी कि 2 साल का बकाया बोनस मिल जाएगा। हमारी सरकार आई तो 25 दिसंबर के दिन हमारे छत्तीसगढ़ के निर्माता सदैव अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती सुशासन दिवस को 12 लाख से ज्यादा किसानों का 2 साल का बकाया बोनस 3716 करोड़ रुपया देने का काम छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार ने किया। आज 21 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से बंपर धान की खरीदी हुई। 24.75 लाख से ज्यादा किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान की कीमत भी दी। महतारी वंदन योजना में 70 लाख से ज्यादा माता बहनों को 10 मार्च को प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति में 655 करोड़ रुपये उनके खाते में ट्रांसफर किया गया। प्रदेश के बेटे-बेटियों के साथ पीएससी में धोखाधड़ी हुई। उसकी सीबीआई जांच का वादा भी हमने पूरा किया है।

साय ने कहा कि तेंदूपत्ता, जिसको हरा सोना बोलते हैं, के संग्रहण कार्य से लाखों परिवार लाभान्वित होते हैं। हमारी सरकार ने प्रति मानक बोरा 5500 रुपए की दर से तेंदूपत्ता खरीदने का निर्णय लिया है। चरण पादुका योजना, आदिवासी बच्चों को स्कॉलरशिप की पुरानी व्यवस्था फिर से हमारी सरकार चालू करने वाली है। जो भूमिहीन मजदूर हैं, किसान हैं, उनको 10 हजार रुपये साल में देने का काम होगा।

महापौर समेत कांग्रेस और जोगी कांग्रेस के हजारों सदस्य भाजपा में हुए शामिल-आज के नामांकन रैली में जगदलपुर नगर निगम की मेयर सफीरा साहू ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की. उनके साथ पार्षद यशवर्धन राव, युवा आयोग के पूर्व सदस्य अजय सिंह समेत कांग्रेस और जोगी कांग्रेस के हजारों लोगों ने मुख्यमंत्री के समक्ष भाजपा प्रवेश किया और बस्तर लोकसभा सीट में भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप को रिकॉर्ड मतों से जिताने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार/ केशव शर्मा

   

सम्बंधित खबर