कांग्रेस की निगम महापौर के साथ एक हजार कांग्रेसी शामिल हुए भाजपा में
- Admin Admin
- Mar 27, 2024
जगदलपुर, 27 मार्च (हि.स.)। बस्तर लोकसभा सीट पर नामांकन का आज आखिरी दिन में चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के समक्ष जगदलपुर नगर निगम महापौर सफीरा साहू, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रदेश महासचिव और पार्षद यशवर्धन राव, युवा आयोग के पूर्व सदस्य अजय सिंह सहित एक हजार से अधिक कांग्रेसियों ने आज भाजपा की रैली से पहले मंच में भाजपा में शामिल हो गये हैं। जिन्हे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भाजपा का गमछा पहनाकर ससम्मान भाजपा में प्रवेश करवाया। भाजपा की सभा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समेत, प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, मंत्री रामविचार नेताम, केदार कश्यप और अजय चंद्राकर मौजूद हैं।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस को इसकी जानकारी पहले ही हो चुकी थी, जिसे लेकर मंगलवार 26 मार्च को कांग्रेस ने अपने निगम पार्षदों की आपताकालीन बैठक बुलाई थी, इस बैठक में भी महापौर सफीरा साहू और पार्षद यशवर्धन राव मौजूद नहीं थे। इस बैठक में शामिल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी कवासी लखमा, पूर्व विधायक रेखचंद जैन, प्रदेश महासचिव मलकीत सिंह गैंदू, पूर्व इंद्रावती प्रधिकरण के उपाध्यक्ष राजीव शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेसी उमाशंकर शुक्ल सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी चिंतित नजर आ रहे थे। काग्रेस की महापौर सफीरा साहू ने अपने लेटर पैड में अपने साथ ही पार्षद यशवर्धन राव, पार्षद मानिकराम नाग एवं पार्षद यशवंत ध्रुव का हस्ताक्षरित कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से स्तीफा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को आज बुधवार को प्रेषित कर दिया है। जगदलपुर नगर निगम महापौर सफीरा साहू एवं चार पार्षदों के भाजपा में शामिल होने से जगदलपुर निगम की सत्ता में भी भाजपा का कब्जा हो जायेगा। इससे कुछ दिन पूर्व कांग्रेस की दो महिला पार्षदों ने भी कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से ईस्तीफा दे दिया था।
हिन्दुस्थान समाचार/ राकेश पांडे