विश्व भारती में वसंतोत्सव के बदले की गई वसंत वंदना

बीरभूम, 10 अप्रैल (हि.स.)। इस साल होली (दोल उत्सव) के मौके पर शांतिनिकेतन स्थित विश्व भारती विश्वविद्यालय में बसंतोत्सव नहीं मनाया गया। इसके बदले बुधवार को विश्व भारती विश्वविद्यालय में वसंत वंदना कार्यक्रम का आयोजन किया गया । यह उत्सव शोभा यात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विश्वभारती के मुख्य परिसर में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में विश्वभारती के कुलपति, सभी भवनों के प्राचार्य, रजिस्ट्रार, और कर्मचारियों के साथ छात्रों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के अंत में अबीर या रंग नहीं खेला गया बल्कि कविगुरू रवीन्द्र नाथ टैगोर रचित गीत रंगिये दिए जाओ, जाओ गो एबार जाबार आगे के साथ नृत्य का प्रदर्शन किया गया। सूत्रों के अनुसार, इस मौके पर श्यामा नृत्य प्रदर्शन का कार्यक्रम रखा गया। इस कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों, पर्यटकों और बाहरी लोगों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई जिसे लेकर स्थानीय निवासियों में आक्रोश भी देखा गया। हिन्दुस्थान समाचार/ गंगा

   

सम्बंधित खबर