सागरः पूर्व कांग्रेस विधायक पारुल साहू ने दिया इस्तीफा

भोपाल, 10 अप्रैल (हि.स.)। मध्यप्रदेश में कांग्रेस छोड़ने वालों का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में बुधवार को सागर जिले की सुरखी सीट से विधायक रहीं पारुल साहू ने कांग्रेस छोड़ दी है। उन्होंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को एक लाइन का पत्र भेजा है, जिसमें उन्होंने लिखा कि मैं कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रही हूं।

दरअसल, प्रसिद्ध आबकारी व्यापारी और पूर्व विधायक संतोष साहू की बेटी पारुल साहू ने 2013 में सागर जिले की सुरखी विधानसभा से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। उन्होंने कद्दावर नेता और कांग्रेस प्रत्याशी गोविंद राजपूत को 141 वोटों से हराया था। साल 2018 के चुनाव में बीजेपी ने टिकट काट दिया था। 2018 के विधानसभा चुनाव में विधायक होते हुए भाजपा ने टिकट काटा, तभी से नाराज पारुल साहू ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया था।

उन्होंने उपचुनाव में भाजपा को छोड़कर कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर मंत्री गोविंद राजपूत के खिलाफ चुनाव लड़ा। इस चुनाव में करीब 40 हजार वोटों से पारुल चुनाव हार गई थी। उपचुनाव हारने के बाद कांग्रेस ने उनको 2023 में मौका नहीं दिया। इस कारण उनकी नाराजगी बनी थी। राजनैतिक चर्चाओं के अनुसार, पारुल साहू फिर से भाजपा में वापसी कर सकती हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

   

सम्बंधित खबर