मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता आज का विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों के प्रवास पर रहेंगे

भोपाल, 11 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा चुनाव की दृष्टि से भाजपा के वरिष्ठ नेता आज (गुरुवार को) प्रदेश के विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों के प्रवास पर रहेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जबलपुर, मंडला, शहडोल और सीधी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा कटनी, लोकसभा चुनाव के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह नरसिंहपुर और छिंदवाड़ा, लोकसभा चुनाव के प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय मंडला, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अशोकनगर लोकसभा क्षेत्र के प्रवास पर रहेंगे।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव दोपहर 12:20 बजे जबलपुर स्टेट हैंगर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत करने के साथ कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे। इसके पश्चात 12:45 बजे मंडला में रपटा घाट पर मां नर्मदा का दर्शन एवं पूजन करेंगे। दोपहर 1:30 बजे पुलिस ग्राउंड मंडला में जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 2:10 बजे शहडोल पहुंचकर स्थानीय जनसभा में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे सीधी जिले के चुरहट विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय सभा में शामिल होंगे। शाम 4:30 बजे जबलपुर जिले के सीहोरा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित सभा को संबोधित करेंगे।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा कटना प्रवास के दौरान दोपहर 2.40 बजे केन्द्रीय मंत्री अमित शाह के साथ विजयनाथ धाम मंदिर में दर्शन करने के पश्चात दोपहर 3:15 बजे विजयनाथ धाम मेला ग्राउंड में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। उसके पश्चात शर्मा स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

लोकसभा चुनाव के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह पिपरिया, नरसिंहपुर और छिंदवाड़ा जिले में स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वहीं, लोकसभा चुनाव के प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय मंडला प्रवास पर रहेगे। केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया प्रातः 10:30 बजे अशोकनगर जिले के चंदेरी, दोपहर 12:30 बजे ईसागढ, सायं 4:30 बजे शाडोरा एवं सायं 7:30 बजे अशोकनगर में पोलिंग बूथ कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा/मुकेश

   

सम्बंधित खबर