आज पूरा देश हो गया है मोदीमय: डॉ. मोहन यादव

- केंद्रीय मंत्री और भाजपा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया

- नाम निर्देशन पत्र भरने से पहले निकला रोड शो,गुना से शिवपुरी तक हुआ जोरदार स्वागत

शिवपुरी, 16 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री और गुना-शिवपुरी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को अपना नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किया। शिवपुरी कलेक्टर कार्यालय में मुख्यमंत्री मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान सहित अन्य भाजपा नेताओं की मौजूदगी में सिंधिया ने अपना नाम दर्शन पत्र रिटर्निंग ऑफिसर को पेश किया। नाम निर्देशन पत्र भरने से पहले गुना से शिवपुरी तक रोड शो में जोरदार स्वागत सिंधिया और अन्य भाजपा नेताओं का किया गया। इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों के द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। शहर में जगह पर फूल माला से स्वागत किया गया। कई जगह पर ढोल धमाका के साथ इस रोड शो का स्वागत किया गया। नाम निर्देशन पत्र भरने के बाद स्थानीय पोलो ग्राउंड मैदान पर एक आमसभा हुई जिसमें सभी भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने इसे संबोधित किया।

स्थानीय पोलो ग्राउंड में आयोजित आमसभा में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि इस समय पूरा देश मोदीमय हो चुका है। आज नाम निर्देशन पत्र भरने के दौरान कार्यकर्ताओं का जोश देखकर यह तय हो चुका है कि परिणाम आ गए हैं और यहां पर ऐतिहासिक जीत हमारे प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया की होने वाली है। उन्होंने कहा कि गुना शिवपुरी में पूरा वातावरण मोदीमय है। इसके अलावा पूरे देश में मोदी की लहर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद ऐसा पीएम पहली बार मिला है जिन्होंने पूरा परिदृश्य बदल दिया है। हर वर्ग को ध्यान में रखकर विकास योजनाओं का लाभ आम आदमी को मिल रहा है। पीएम मोदी के नेतृत्व में आज देश विकास के पथ पर आगे बढ़ा रहा है। आज गलत लोगों पर कार्रवाई हो रही है। ईडी और सीबीआई द्वारा 5000 करोड रुपये पकड़ लिए गए हैं। देश में आज गरीब घर का व्यक्ति लोकतंत्र में इतने बड़े पद पर बैठा है। उन्होंने कहा कि मोदी जी अब नया इतिहास रचने वाले हैं प्रधानमंत्री मोदी और तीसरी बार बड़े बहुमत के साथ जीतेंगे।

प्रधानमंत्री का संदेश हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाना है: वीडी शर्मा

आम सभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता हमारी पार्टी की ताकत हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में इस चुनाव में हमारे कार्यकर्ता एक सैनिक के तौर पर कार्य कर रहे हैं। झाबुआ की सभा में प्रधानमंत्री मोदी ने संकल्प दिलाया है कि हर बूथ पर 370 नए मतदाता हमें जोड़ना है और इसी संदेश के साथ हमें इस संकल्प को पूरा करना है। उन्होंने कहा कि आज हम मोदी जी के नेतृत्व में मप्र की 29 सीटें ऐतिहासिक मतों से जीत रहे हैं।

मोदी गारंटी का नाम है तो दूसरी और इंडिया गठबंधन है ठग गठबंधन: सिंधिया

इस आम सभा में भाजपा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीब लोगों की चिंता की है। प्रधानमंत्री ने आज ऐसी कई योजनाएं चलाई हैं जिनका लाभ आम आदमी को मिल रहा है। आज देश में पीएम आवास, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना हो, किसान सम्मान निधि हो यह योजनाएं आम लोगों के लिए लाई गईं। पीएम मोदी गारंटी का नाम है। जबकि दूसरी ओर जो इंडिया गठबंधन है, वह ठग गठबंधन है। उन्हें विकास की कोई चिंता नहीं है। केवल एक परिवार दिखता है। प्रगति से उनका कोई वास्ता नहीं है अपना फायदा इन्हें देखना है। विकास से इनका कोई लेना-देना नहीं है। सिंधिया ने शिवपुरी में डबल इंजन की सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों का जिक्र भी किया।

पीएम मोदी का विरोध करते-करते कांग्रेस का भगवान राम का विरोध करने लगी: शिवराज

आमसभा में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधा। अयोध्या में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का बहिष्कार करने पर कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का विरोध करते-करते अब कांग्रेस भगवान राम का भी विरोध करने लगी है। कांग्रेस नेताओं की बुद्धि बिगड़ गई है लिखित रूप में कांग्रेस ने भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में जाने से इनकार कर दिया। कांग्रेस नेताओं की बुद्धि विनाश काले विपरीत हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी पर भी निशाना साधते हुए पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस में इस समय भगदड़ की स्थिति है। कांग्रेस की सबसे बड़ी नेता सोनिया गांधी उत्तर प्रदेश के रायबरेली से चुनाव नहीं लड़ रही हैं और उन्होंने राज्यसभा में जाने का रास्ता चुन लिया। इसी तरह कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी रणछोड़ दास हो गए और उन्होंने भी अमेठी की बजाय अब दूसरे संसदीय क्षेत्र का चुना है। कांग्रेस के नेता इस समय चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं कर पा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ रंजीत गुप्ता/मुकेश

   

सम्बंधित खबर