बीएचयू के प्रो. अनिल कुमार त्रिपाठी आईसर-मोहाली के निदेशक नियुक्त

वाराणसी, 18 अप्रैल (हि.स.)। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) विज्ञान संस्थान के स्कूल ऑफ टेक्नोलॉजी में कार्यरत वरिष्ठ आचार्य प्रो. अनिल कुमार त्रिपाठी भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान मोहाली के निदेशक नियुक्त किये गए हैं। उनकी नियुक्ति पॉच वर्ष की अवधि के लिए की गई है।

प्रो. त्रिपाठी वर्ष 1990 से विश्वविद्यालय में अध्यापन कर रहे हैं। उन्हें शिक्षण एवं शोध का तकरीबन 40 वर्ष का व्यापक अनुभव है। वे वर्ष 2002 से 2004 तक पं.दीनदयाल उपाध्याय, गोरखपुर विश्वविद्यालय में बतौर आचार्य कार्यरत रहे। प्रो. त्रिपाठी फरवरी 2019 से जनवरी 2024 तक बीएचयू के विज्ञान संस्थान के निदेशक भी रहे। वे विश्वविद्यालय में अनेक महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं शैक्षणिक पदों पर रहते हुए योगदान देते रहे हैं। उन्होंने अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं का नेतृत्व भी किया है। प्रो. अनिल कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में 22 पीएचडी शोध किये जा चुके है। वे कई प्रतिष्ठित अध्येतावृत्तियों एवं सम्मानों के धारक भी है। इनमें जे.सी बोस नेशनल फेलोशिप भी शामिल है। वे देश की प्रमुख विज्ञान अकादमी के फेलो भी हैं। इनमें इंडियन एकेडमी ऑफ साइंस बैंगलोर, इंडियन नेशनल साइंस अकादमी, नेशनल अकादमी ऑफ साइंसेस, इलाहाबाद तथा राष्ट्रीय कृषि विज्ञान अकादमी आदि शामिल है।

प्रो. त्रिपाठी कई प्रख्यात राष्ट्रीय व अन्तरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में अपने कार्य प्रकाशित कर चुके हैं। बैक्टीरियल जेनेटिक्स, फंक्शनल जिनोमिक्स, सिस्टम बायोलॉजी तथा सिन्थेटिक बायोलॉजी उनकी विशेषज्ञता के क्षेत्र है। प्रो. त्रिपाठी फरवरी 2014 से जनवरी 2019 तक सी.एस.आई.आर.- केन्द्रीय औषधीय एवं सगन्ध पौधा संस्थान लखनऊ के निदेशक भी रह चुके हैं। बीएचयू परिवार के सदस्यों ने आईसर मोहाली के निदेशक के रुप में प्रो. अनिल कुमार त्रिपाठी की नियुक्ति पर उन्हें शुभकामनाएं दी है।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/विद्याकांत

   

सम्बंधित खबर