ग्वालियर: गुरुवार को छा सकते हैं बादल, शुक्रवार को हो सकती है बारिश

-लगातार दूसरे दिन अधिकतम पारा 40 डिग्री के पास

ग्वालियर, 24 अप्रैल(हि.स.)। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में गर्मी चरम पर है। ग्वालियर शहर में लगातार दूसरे दिन अधिकतम पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पास टिका रहा लेकिन बढ़ती गर्मी पर एक बार फिर अंकुश लग सकता है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि अगले 24 से 48 घंटे में मौसम बिगड़ सकता है। इस दौरान ग्वालियर-चंबल संभाग में कहीं-कहीं तेज हवा और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में ईरान के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है जो 26 अपै्रल को पश्चिमी हिमालय में पहुंचकर उत्तर एवं मध्य भारत के मौसम को प्रभावित करेगा। इसके अलावा पूवोत्तर उत्तर प्रदेश और मध्य महाराष्ट्र में अलग-अलग चक्रवाती परिसंचरण बने हुए हैं। इन मौसम प्रणालियों का प्रभाव मध्य प्रदेश के विभिन्न भागों सहित ग्वलियर-चंबल संभाग में भी नजर आएगा। यहां 25 अप्रैल को दोपहर बाद बादल छा सकते हैं जबकि 26 अपै्रल को कहीं-कहीं तेज हवा और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। अगर आंधी-बारिश की स्थिति बनी तो निश्चित रूप से बढ़ते तापमान पर न केवल ब्रेक लगेगा बल्कि गिरावट भी हो सकती है। जिससे दो से तीन दिन भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।

स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार ग्वालियर शहर में पिछले दिन की तुलना में बुधवार को अधिकतम तामपान 0.3 डिग्री सेल्सियस आंशिक वृद्धि के साथ 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से मात्र 0.1 डिग्री सेल्सियस कम है जबकि न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस आंशिक गिरावट के साथ 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 1.0 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 42 प्रतिशत दर्ज की गई जो सामान्य से 05 प्रतिशत अधिक है जबकि शाम को हवा में नमी 26 प्रतिशत दर्ज की गई। यह भी सामान्य से 04 प्रतिशत अधिक है।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद/मुकेश

   

सम्बंधित खबर