सीहोर: दहेज में कार मांगी तो मजदूर की बेटी ने लौटाई बारात, पुलिस से की शिकायत

सीहोर, 24 अप्रैल (हि.स.)। मंगलवार की रात हो रहे एक विवाह समारोह में जब दूल्हे ने दहेज में कार और 5 लाख नकद मांगे तो दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। जिसके बाद बारातियों ने दुल्हन पक्ष के लोगों से मारपीट कर दी। घटना मंगलवार रात की है। बुधवार दोपहर में दुल्हन बनी युवती अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची और दूल्हे और उसके परिजन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

बारात लौटाने वाली दुल्हन प्रिया ने पुलिस को बताया कि रिश्ता तय होने के बाद सबकुछ ठीक चल रहा था। शादी से पहले की सभी रस्में अच्छे से हुईं। आखिरी तक दूल्हा या उनके घरवालों ने कोई डिमांड नहीं की। 23 अप्रैल को रात में बारात आई। बाराती तो नशे में धुत थे ही, दूल्हे ने भी जमकर पी रखी थी। इसके बावजूद पिता और भाई ने उनका आदर-सत्कार किया। इस दौरान उन्होंने दहेज की मांग कर दी। मुझे पता चला तो मैं दुल्हन के लिबास में ही बाहर आई और शादी से मना कर दिया।

वहीं, दुल्हन के पिता अजब सिंह सूर्यवंशी ने बताया कि विदिशा के ग्यारसपुर के रहने वाले घनश्याम अहिरवार से बेटी प्रिया का रिश्ता तय किया था। मंगलवार देर शाम को बारात आई। दूल्हा समेत बारातियों ने जमकर शराब पी रखी थी। रात 11 बजे बारात घर पर पहुंची। जब हमने उनका स्वागत किया तो वे अभद्र व्यवहार करने लगे। तिलक के दौरान 21 हजार रुपये देने पर दूल्हा भड़क गया। उन्होंने कार और 5 लाख नकद की मांग की। मैंने कहा कि दहेज को लेकर तो हमारी कोई बात नहीं हुई थी। हम अपनी हैसियत के हिसाब से आपको सब कुछ दे रहे हैं। यह बात जब बेटी को पता चली तो उसने मंडप में आकर शादी करने से मना कर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार/ केशव दुबे/मुकेश

   

सम्बंधित खबर