नाबालिग का अपहरण कर किया दुष्कर्म, दो युवकों पर मुकदमा दर्ज

हरिद्वार, 24 अप्रैल (हि.स.)। दो युवकों पर नाबालिग के अपहरण कर दुष्कर्म करने के मामले में महिला की तहरीर पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कलियर थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने पुलिस को तहरीर में बताया कि मंगलवार की देर शाम उसकी 14 वर्षीय पुत्री घर के बाहर काम कर रही थी। इस बीच एक बाइक पर सवार होकर दो युवक आए और अपहरण कर किशोरी को जंगल में ले गए। आरोप है कि जंगल ले जाकर युवकों ने उसके साथ मारपीट कर दुष्कर्म किया और उसे बदहवास हालत में जंगल में छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित महिला अपनी बच्ची को तलाश करते हुए जंगल में पहुंची, जहां उन्हें किशोरी बदहवास हालात में मिली। होश आने पर बच्ची ने परिजनों को घटना के बारे में बताया।

पीड़ित महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष दिलवर सिंह नेगी ने बताया कि दोनों युवकों के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म, पॉक्सो और मारपीट कर जान से मारने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। थानाध्यक्ष ने दावा किया है कि आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/सत्यवान/रामानुज

   

सम्बंधित खबर