पुलिस की निगरानी से परेशान अर्जुन सिंह ने निजता के उल्लंधन का आरोप लगाकर हाई कोर्ट में दायर की याचिका

कोलकाता, 03 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले तृणमूल छोड़ कर भाजपा में लौटे अर्जुन सिंह ने राज्य पुलिस के खिलाफ हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। कुछ दिन पहले प्रशासन ने अचानक अर्जुन के आवास के आसपास सीसी कैमरे लगा दिये थे। बैरकपुर के भाजपा उम्मीदवार ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार कुल 82 सीसीटीवी कैमरों से उनके घर की निगरानी कर रही है। उनके घर कौन आ रहा है, कौन जा रहा है, उन लोगों के खिलाफ भी पुलिस मुकदमा दर्ज कर रही है।

हाल ही में तृणमूल से भाजपा में लौटे अर्जुन ने निजता का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कलकत्ता उच्च न्यायालय में मामला दायर किया है। बैरकपुर लोकसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार की ओर से दायर मामले पर आगामी मंगलवार को सुनवाई होगी।

अर्जुन सिंह के बेटे पवन सिंह का दावा है कि सीसीटीवी कैमरे से न केवल उनके परिवार के सदस्यों पर नजर रखी जा रही है, बल्कि उनकी बातचीत भी रिकॉर्ड की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पिता के तृणमूल से भाजपा में शामिल होने के बाद ही कड़ी निगरानी शुरू हो गयी थी। उन्होंने कहा कि पुलिस अवैध निगरानी कर रही है। हालांकि, पुलिस प्रशासन की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

उल्लेखनीय है कि 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले अर्जुन तृणमूल छोड़ भाजपा में शामिल हो गए थे। वे बैरकपुर लोकसभा सीट से जीतकर संसद पहुंचे। हालांकि 2021 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल की भारी जीत को देख बैरकपुर के सांसद अपनी पुरानी पार्टी में लौट आए। दस मार्च को तृणमूल की ओर से लोकसभा उम्मीदवारों की सूची घोषित होने और उसमें अपना नाम नहीं होने से नाराज अर्जुन सिंह ने एक बार फिर पार्टी बदल दिया। उन्होंने तृणमूल के शीर्ष नेतृत्व पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव में टिकट देने के लिए उन्हें तृणमूल में लाया गया लेकिन तृणमूल ने टिकट न देकर उन्हें धोखा दिया।

हिन्दुस्थान समाचार/ गंगा

   

सम्बंधित खबर