कांग्रेस की लड़ाई अब अस्तित्व बचाने की, गुटीय दल है गठबंधन : मनवीर

देहरादून, 5 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा उत्तराखंड प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने कांग्रेस की असली तस्वीर पेश की है। कांग्रेस आलसी ही नहीं, बल्कि वह मनोवैज्ञानिक रूप से थक गई है और चुनाव लड़ने की औपचारिकता भर कर रही है। कांग्रेस नेता पहले तो चुनाव में उतरने से भागते नजर आए और अब मैदान में उतरे नेताओं और कार्यकर्ताओं में हताशा और निराशा का भाव है। कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता पार्टी की नीति से निराश होकर लगातार पार्टी छोड़ रहे हैं।

भाजपा उत्तराखंड प्रदेश मीडिया प्रभारी ने कहा कि सोई कांग्रेस को कार्यकर्ता और उनके सहयोगी एक-दूसरे को हौंसला दे रहे हैं लेकिन उनकी हालत एक जैसी है। जैसी कांग्रेस वैसे सहयोगी। कांग्रेस चुनाव से पहले भी सोई हुई थी और कभी भी विपक्ष के धर्म का पालन नहीं कर पाई। जनसरोकारों के साथ न्याय नहीं कर पाए। कांग्रेस संगठन नहीं बल्कि वह गुटीय दल है और उसका गठबंधन भी गुटीय है। कांग्रेस की लड़ाई अब अस्तित्व बचाने की है।

चौहान ने कहा कि भाजपा राज्य की पांचों सीटों पर बड़े अंतर से क्लीन स्वीप करने जा रही है। जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार विकास के लिए मत देने का मन बना लिया है। कांग्रेस मुकाबले में अपनी बुरी स्थिति को लेकर शुरू से ही आशंकित है। एक ओर नेताओं और कार्यकर्ताओं का पलायन तथा दूसरी ओर नेताओं का चुनाव लड़ने से भागना इसके लक्षण हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी असलियत का पता जल्द लग जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/कमलेश्वर शरण/सत्यवान/दधिबल

   

सम्बंधित खबर