भाजपा के दो गुटों में झगडे में युवा मोर्चा अध्यक्ष जख्मी

धौलपुर , 7 अप्रैल (हि.स.)। धौलपुर जिला भाजपा कार्यालय में रविवार को हुए कार्यक्रम के दौरान कार्यालय के बाहर दो गुट आपस में भिड गए। इस दौरान मारपीट एवं फायरिंग हुई। झगडे में भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष भूपेन्द्र घुरैया सहित तीन लोग घायल हुए हैं,जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक रविवार को भाजपा जिला कार्यालय में सदस्यता कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान शाम को कार्यालय के बाहर भाजपा के ही दो गुट आपस में भिड गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक फायरिंग भी हुई है। आपसी झगडे एवं मारपीट में भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष भूपेन्द्र घुरैया,भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष मंगे कंषना के भाई रामकेश गुर्जर तथा एक अन्य युवक सतीश चोटें आईं हैं। तीनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनाक्रम के बाद में जिला अस्पताल पहुंचे उप निरीक्षक कैलाश बैरवा ने बताया कि भाजपा के दो गुटों में झगडे में तीन व्यक्ति घायल हुए हैं। पुरानी रंजिश को लेकर हुए झगडे में फायरिंग की भी सूचना है। पुलिस द्वारा मामले की पडताल की जा रही है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई भी तहरीर नहीं दी गई है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद में कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ प्रदीप/संदीप

   

सम्बंधित खबर