मोदी सरकार ने जनजाति क्षेत्र को अनेक सौगातें दी - सीपी जोशी
- Admin Admin
- Apr 08, 2024
जयपुर, 8 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और चित्तौडगढ़ लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी सीपी जोशी ने साेमवार को प्रतापगढ़ विधानसभा क्षेत्र में जनसम्पर्क किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इतने साल जनजाति क्षेत्र में विकास के कोई काम नहीं किए। देश में पहली बार जनजाति मंत्रालय बना तो भाजपा की सरकार में बना, जनजाति आयोग को पहली बार संवैधानिक दर्जा दिया तो भाजपा ने दिया, आज जनजाति क्षेत्र को एकलव्य मॉडल स्कूल, विवेकानंद मॉडल विद्यालय, नवोदय विद्यालय, मेडिकल कॉलेज, केन्द्रीय विद्यालय सहित रेल, सड़क, चिकित्सा, पानी, बिजली सहित विकास की अनेक सौगातें मिल रही है।
जोशी ने जनसम्पर्क के दौरान कहा कि 55 साल तक देश पर राज करने वाली कांग्रेस के समय देश में हताशा और निराशा का माहौल था, व्यवस्था और अर्थ व्यवस्था दम तोड रही थी, कांग्रेस ने देश को भ्रष्टाचार और आतंकवाद की आग में धकेलकर कमजोर करने का काम किया। एक परिवार को देश मानकार काम किया और विकास के काम नहीं किए। कांग्रेस की नीति, नीयत और कमजोर नेतृत्व पर अविश्वास के चलते 2014 में जनता ने भाजपा की मजबूत मोदी सरकार को चुना जिसने सेवा को ही संकल्प मानकार सबका साथ सबका विकास के ध्येय के साथ अंतिम पंक्ति में खडे व्यक्ति को भी मुख्य धारा से जोड़ने का काम किया।
जनसंपर्क के दौरान राजस्थान सरकार में मंत्री हेमंत मीणा, गौतम दक, जिला अध्यक्ष गोपाल कुमावत सहित क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ इंदु/ईश्वर