धर्मपाल ने किया कमलज्योति के संकल्प पत्र विशेषांक का लोकार्पण

लखनऊ,01 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के मुखपत्र कमलज्योति के संकल्प पत्र विशेषांक का लोकार्पण प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल ने बुधवार को प्रदेश पार्टी कार्यालय में किया। इस अवसर पर महामंत्री संगठन ने कहा कि पत्र पत्रिकाएं समाज का दर्पण है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के गरीब, किसान, युवा व महिलाओं की आर्थिक व सामाजिक उन्नति के साथ भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। मोदी के संकल्प को पूरा करने के लिए अबकी बार 400 पार का लक्ष्य पूरा करना है। धर्मपाल ने कहा कि मोदी सरकार में गरीब के पक्के घर के सपने पूरे हुए, 80 करोड़ लोगों तक राशन, किसानों के लिए सम्मान निधि तथा निशुल्क ईलाज की सुविधा मिल रही है।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए कमल ज्योति पत्रिका के प्रबंध संपादक राजकुमार ने कहा कि संकल्प पत्र विशेषांक हम सब के बीच है। लोकतंत्र का महापर्व इस समय चल रहा है। अनेक पार्टियों ने अपने—अपने घोषणापत्र में लोकलुभावन वायदे किये हैं जो पूरे नहीं हो सकते। भाजपा का जो संकल्प पत्र है उसको मोदी की गारंटी कहा गया है। विकसित भारत बनाने की। भारत को एक भारत श्रेष्ठ भारत बनाने के लिए हम सब को मत देना है।

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्त, प्रदेश मंत्री शिवभूषण सिंह, मुख्यालय प्रभारी भारत दीक्षित, सह मुख्यालय प्रभारी लक्ष्मण चौधरी, युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री देवेंद्र सिंह पटेल व वर्षा सिन्हा उपस्थित रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/मोहित

   

सम्बंधित खबर