परशुराम के जीवन दर्शन से सीख लेकर समाजहित में कार्य करें ब्राह्मण समाज: अजय
- Admin Admin
- May 10, 2024
पलामू, 10 मई (हि.स.)। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा ने शुक्रवार को भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव हर्षाेल्लास पूर्वक मनाया। इस अवसर पर जिले के लेस्लीगंज के कोटखास स्थित ठाकुरबाड़ी परिसर में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। ब्राह्मण समाज के लोगों ने भगवान परशुराम जी की विधिवत पूजा अर्चना की। मुख्य अतिथि महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष अजय कुमार तिवारी ने भगवान परशुराम की तस्वीर पर माल्यार्पण करने के बाद दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष तिवारी ने ब्राह्मण समाज के लोगों को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। गायक प्रेम गिरी व्यास ने भजन प्रस्तुत कर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। भगवान परशुराम के जयघोष से वातावरण गूंज रहा था। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष दिनेश तिवारी एवं संचालन अनिकेत पांडेय व चंदन दूबे ने किया।
मुख्य अतिथि महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष अजय तिवारी ने कहा कि यह गौरव की बात है कि हम सभी भगवान परशुराम के वंशज हैं। उनके जीवन दर्शन से सीख लेकर अपने अंदर अच्छे संस्कार, दिव्य गुणों को धारण कर समाज हित में काम करें। उन्होंने महासभा के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए समाज में व्याप्त कुरीतियों एवं समस्याओं को दूर करने के लिए सबकी जागरूकता व एकजुटता पर बल दिया।
कार्यक्रम में महासभा के सीताराम दूबे, रूद्र शुक्ला, अजीत तिवारी, रामनीहोरा गिरी, राघव तिवारी, नीलकंठ गिरी सहित कई प्रबुद्धजनों ने विचार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार/दिलीप