झील का जलस्तर गिरने से गाद में फंसी नौका, सैलानी लगे चीखने
- Admin Admin
- May 13, 2024
नैनीताल, 13 मई (हि.स.)। गर्मी बढ़ने के साथ भूजल के साथ जनपद में झीलों के जल स्तर में भी लगातार गिरावट आ रही है। नैनी झील का जलस्तर जहां निर्धारित पैमाने पर डेढ़ फिट के पास पहुंच गया है। भीमताल झील में कई जगह झील का पानी इधर कम हुआ है। कई जगह नौकाएं पानी के नीचे उथली गाद में फंस जा रही हैं।
रविवार शाम एक नौका इसी स्थिति में गाद में फंस गयी। इस पर नौका में सवार सैलानी चीखने लगे। इस पर अन्य नौका चालकों ने मौके पर पहुंचकर गाद में फंसी नौका को धक्का मारकर पानी में धकेला। उल्लेखनीय है कि स्थानीय समाजसेवी लंबे समय से भीमताल झील में एकत्र हो गयी गाद को सिंचाई विभाग से हटाने की मांग कर रहे हैं। लेकिन सिचाई विभाग की उपेक्षा से ऐसी स्थिति आ रही है।
भीमताल झील में गंदगी फैला रहे भोज्य सामग्री बेचने वाले ठेले-
भीमताल झील के पास कई लोग ठेलों-फड़ों में भोज्य सामग्री बेच रहे हैं और जूठे बर्तनों को धोने सहित समस्त गंदगी झील में छोड़ रहे हैं। इससे झील दूषित हो रही है, जबकि कई गांवों के ग्रामीण झील के पानी का विभिन्न कार्यों में इस्तेमाल करते हैं। इस पर भी रोक लगाये जाने की आवश्यकता है।
हिन्दुस्थान समाचार/डॉ. नवीन जोशी/सत्यवान/रामानुज