संदेशखाली में चार महिलाओं की गिरफ्तारी के खिलाफ फिर सड़कों पर उतरे लोग

कोलकाता, 14 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली में लोगों के एक समूह ने चार स्थानीय महिलाओं की गिरफ्तारी के खिलाफ लगातार दूसरे दिन विरोध प्रदर्शन किया है। सोमवार के बाद मंगलवार को भी लोगों ने सड़कों पर उतरकर नारेबाजी की। उन्होंने कथित तौर पर भाजपा से जुड़ी चार महिलाओं की रिहाई की मांग करते हुए बागड़ीपाड़ा इलाके में प्रदर्शन किया। इलाके की महिलाओं ने दावा किया कि उन्होंने हाथों में लाठियां लेकर रात भर पहरा दिया।

इसके पहले इन चार महिलाओं की गिरफ्तारी पर आपत्ति जताते हुए संदेशखाली में लोगों के एक समूह ने सोमवार को बरहमाजूर इलाके में टायरों में आग लगाकर एक सड़क को अवरुद्ध कर दिया था। उन्होंने भाजपा के नेताओं की छवि खराब करने के लिए प्रसारित किए गए कथित वीडियो के खिलाफ भी विरोध प्रदर्शन किया था।

स्थानीय महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ मारपीट की। एक सूत्र ने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं को सोमवार को एक स्थानीय अदालत ने चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। उल्लेखनीय है कि स्थानीय विधायक समेत टीएमसी नेताओं के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की करने के आरोप में भाजपा से जुड़ीं उक्त चार महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया था जिसके खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश

   

सम्बंधित खबर