झगड़े सुलझाने गए पुलिस की टीम पर हमला, कई पुलिसकर्मी घायल

सिउड़ी, 16 मई (हि.स.)। बीरभूम जिले के मल्लारपुर थाना अंतर्गत पथाई गांव में गुरुवार को दो परिवारों के बीच विवाद सुलझाने गई पुलिस को ग्रामीणों के हमले का शिकार होना पड़ा। घटना में सात पुलिस कर्मियों सहित कुल दस लोग घायल हुए हैं। इनमें तीन स्थानीय निवासी भी शामिल हैं। घायल पुलिस कर्मियों में से एक की हालत गंभीर है।

पुलिस एवं स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय निवासी प्रद्युत मल की शादी आठ दिन पहले मल्लारपुर थाना अंतर्गत पथाई गांव के माल पाड़ा में पल्लवी से हुई थी लेकिन वह पड़ोस में रहने वाली विवाहिता माया मल को अपनाना चाहता था। आरोप है कि सोमवार को टोटो से घर जाते समय उसने माया को कुप्रस्ताव दिया। इसके आलावा उसने माया की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की। बुधवार को माया अपने पति के साथ मामले को सुलझाने के लिए प्रद्युत के घर गई थी। तब प्रद्युत ने कहा कि उसका माया से कोई संबंध नहीं है। लेकिन कुछ देर बाद ही उसने दावा किया कि वह माया से शादी करना चाहता है। इस पर गुस्साई माया ने प्रद्युत को सबके सामने थप्पड़ मार दिया। उसी बात को लेकर दोनों पक्षों ने मल्लारपुर थाने में शिकायत दर्ज करवाई।

गुरुवार सुबह प्रद्युत की तरफ से कुछ लोग माया के घर पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्षों में विवाद हो गया। घटना की खबर पाकर पुलिस भी पहुंची। जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला कर दिया। इस हमले में तीन एएसआई, चार पुलिस कॉन्स्टेबल और तीन ग्रामीण घायल हो गये। एक का सिर फट गया है। माया मल भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। सभी घायलों को मल्लारपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से प्रद्युत फरार है।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, एएसआई जगन्नाथ घोष की हालत गंभीर है।

जिला पुलिस अधीक्षक राजनारायण मुखर्जी ने कहा कि ऐसा क्यों हुआ, हम मामले की जांच कर रहे हैं। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल गांव में प्रद्युत की तलाश में जुटी हुई है। हिन्दुस्थान समाचार /गंगा

   

सम्बंधित खबर