मोदी-योगी के सुशासन और विकास को लोगों ने देखा है : नन्दी

--इलाहाबाद लोकसभा के शहर दक्षिणी में सघन जनसम्पर्क अभियान

प्रयागराज, 18 मई (हि.स.)। इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी के समर्थन में शहर दक्षिणी क्षेत्र में सघन जनसम्पर्क अभियान चला। कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नन्दी ने भाजपा को जिताने की अपील करते हुए कहा कि आज मोदी और योगी के सुशासन और विकास यात्रा को लोगों ने अपनी आंखों से देखा है। कुम्भ के मद्देनजर अनेक योजनाएं प्रस्तावित हैं और शहर का बहुमुखी विकास जारी है। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के आने से प्रयागराज का अंतरराष्ट्रीय महत्व बढ़ेगा।

शनिवार को जानसेनगंज चौराहे से मोतीमहल, मानसरोवर, जीरो रोड, खोवा मंडी, लोकनाथ, मालवीय नगर, सत्तीचौरा, बलुआ घाट, जमुना क्रिश्चियन, मुट्ठीगंज, गाजीमंडी, बड़ा चौराहा, रामभवन, कोठापारचा, बैरहाना, मलाकराज एवं कीटगंज में तूफानी दौरा हुआ।

सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने जनता का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अगर मैने ईमानदारी से आप सबके लिये काम किय़ा है तो नीरज त्रिपाठी को हमसे ज्यादा वोटों से विजयी बनाएं। शहर की कोई गली मुहल्ला ऐसा नही है जहां विकास कार्य ना हुआ हो। आप सभी को अबकी बार चार सौ पार के नारे को मूर्त रूप देना है और इसी कड़ी में इलाहाबाद संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाना है।

जनसंवाद करते हुए नीरज त्रिपाठी ने कहा कि सांसद रीता जोशी द्वारा कराए गये विकास कार्यों की श्रृंखला बढ़ाने के साथ मंत्री नंदी के कार्यों में केन्द्र सरकार की मदद से अनेक बड़े कार्यों के सहयोग के लिये आप सभी हमें अपना मत रूपी आशीर्वाद देकर दिल्ली भेजिये। विश्वास रखिये कि आपके भाई और बेटे के रूप में जनहित कार्यों को सर्वोपरि रखूंगा और अपने पिताज़ी के स्वप्नों का शहर बनाने में कोई कोर कसर नही छोडूंगा।

संसदीय मीडिया प्रभारी देवेन्द्र नाथ मिश्र ने बताया कि इस दौरान महापौर गणेश केशरवानी, महानगर अध्यक्ष राजेन्द्र मिश्र सहित सभी का अनेक स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता द्वारा जबरदस्त स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में विधानसभा प्रभारी सुरेश मौर्य, संयोजक ज्ञानेश्वर शुक्ल, पदुम जायसवाल, मुरारीलाल अग्रवाल, रामजी केशरवानी, नवरत्न कात्याल, बृजेश मिश्र, गिरि बाबा, गिरिजेश मिश्र, प्रमोद जायसवाल, आलोक शुक्ल, अजय अग्रहरि, सभासदगण समेत हजारों लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर