चक्रवात रूमेल के प्रभाव से बंगाल के तटीय इलाकों में भारी बारिश और आंधी तूफान की संभावना, प्रशासन अलर्ट पर

कोलकाता, 22 मई (हि.स.) । बंगाल की खाड़ी में उठने वाले चक्रवाती तूफान रुमेल के प्रभाव से राज्य के तटीय इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया है कि चक्रवात बंगाल की खाड़ी में बुधवार को निम्न दाब में बदल जाएगा। शुक्रवार को और मजबूत होगा और आंधी तूफान के साथ भारी बारिश होगी।

मौसम विभाग ने तटीय जिलों में अलर्ट जारी किया है। मछुआरों को 23 तारीख तक समुद्र से वापस लौटने की सलाह दी गई है।

इधर चक्रवात के प्रभाव से बुधवार से पूरे दक्षिण बंगाल में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। अलीपुर मौसम विभाग ने कहा कि बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात बुधवार को मजबूत होकर निम्न दबाव में तब्दील होने वाला है. इसके बाद यह उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ेगा और अगले शुक्रवार की सुबह मजबूत होकर गहरे दबाव का क्षेत्र बन सकता है। शनिवार से बारिश की मात्रा बढ़ सकती है। बारिश के साथ-साथ जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। शनिवार से सभी जिलों में भारी बारिश की संभावना है। दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में सात से 11 सेमी बारिश होने की संभावना है। इस बारे में राज्य सरकार को जानकारी दी गई है जिसके बाद समुद्र तटीय क्षेत्र में प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है। तटीय इलाकों से लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचने की कवायद शुरू कर दी गई है और राज्य आपदा राहत बल के साथ ही राष्ट्रीय आपदा मोचन बल को भी राहत और बचाव के लिए तैयार रहने का अनुरोध किया गया है। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश

   

सम्बंधित खबर