काशी में पुण्यतिथि पर याद किए गए पं. जवाहर लाल नेहरू

वाराणसी, 27 मई (हि.स.)। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू की पुण्यतिथि सोमवार को कांग्रेस के नेताओं ने मनाई। 60वीं पुण्यतिथि पर वाराणसी से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के लहुराबीर स्थित केन्द्रीय चुनाव कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

सभा में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नेहरू ने ही बनारस को डीएलडब्ल्यू दिया। पिछले दस वर्षों से देश के प्रधानमंत्री और काशी के सांसद वहीं ठहरते हैं। उसका नाम भी बदला लेकिन कोई दूसरा डीएलडब्ल्यू बनारस को नहीं दे सके। अजय राय ने कहा कि पं. नेहरू ने आधुनिक भारत की नीव रखी और देश को बुनियादी उद्योगों, बांधों, शिक्षा एवं शोध संस्थानों और योजनाबद्ध विकास आदि के माध्यम से विकासशील वैज्ञानिक भारत की नीव रखी। आज भारत की जो खूबियां मानी जाती हैं, उनकी बुनियाद में नेहरू हैं। सभा में कांग्रेस जनों ने पं. नेहरू के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किया। इसमें डाॅ. सी.पी. राय, प्रो.सतीश कुमार राय, दिनेश कुमार सिंह, शिव पांडेय, अंशू अवस्थी, शैलेन्द्र सिंह, डाॅ. नृपेन्द्र नारायण सिंह आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/दिलीप

   

सम्बंधित खबर