संविधान बचाने वालों को वोट देगी जौनपुर की जनता : बाबू सिंह कुशवाहा
- Admin Admin
- May 03, 2024
-सपा प्रत्याशी बाबू सिंह कुशवाहा ने किया नामांकन
जौनपुर ,03 मई (हि.स.) । समाजवादी पार्टी के लोकसभा जौनपुर के प्रत्याशी बाबू सिंह कुशवाहा ने शुक्रवार को दो सेट में अपना नामंकन पत्र दाखिल किया। नामंकन में उनके साथ जिलाध्यक्ष राकेश मौर्या ,पूर्व विधायक लाल बहादुर यादव शामिल रहे। बाबू सिंह कुशवाहा ने नामांकन से वापस लौटते समय पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि जनता उनको सबक सिखाने के लिए तैयार हो गयी है। जो लोग संविधान बदलने की बात करते हैं,जातीय जनगणना नहीं करा रहे हैं। जो रिजर्वेशन के खिलाफ हैं, जो इस देश के गरीब ,कमजोर के खिलाफ हैं, उन लोगों को सबक सिखाने का जौनपुर की जनता मन बना चुकी है।यहाँ की जनता सपा को वोट देकर जिताने का काम करेगी। जो लोग मुझ पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं। वे अपने गिरेबान में झांक कर देख लें। हमारी लड़ाई विचारधारा की है, हमारी लड़ाई जो संविधान को बदलने की बात करते हैं, उनसे है। जौनपुर की जनता संविधान बचाने वालों के पक्ष में वोट करेगी। जो लोग हमको बाहरी प्रत्याशी कह रहे हैं, हम उनको जवाब देना चाहते हैं कि रविकिशन जौनपुर के होकर गोरखपुर से सांसद हैं। क्या वे बाहरी नहीं हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/विश्व प्रकाश/सियाराम