अमेठी से राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी का हो चुका पलायन- भूपेंद्र सिंह

जालौन, 03 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पांच साल अमेठी से दूर रहने के कारण जनता उनसे सवाल न पूछ ले, इसीलिए राहुल गांधी ने जनता को भ्रमित करने के लिए रायबरेली से चुनाव लड़ना उचित समझा। लेकिन उन्हें इस चुनाव में भी जनता नकार देगी। मोदी के नेतृत्व में कराए गए विकास कामों के बदौलत पूरे प्रदेश में भाजपा बड़ी जीत हासिल करेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने यह बात जालौन के उरई में भाजपा प्रत्याशी भानु प्रताप सिंह वर्मा के नामांकन सभा को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश का बड़ा राजनैतिक संगठन है। उसने हमारे देश की सरकार का नेतृत्व किया है, लेकिन उत्तर प्रदेश से कांग्रेस पूरी तरह से पलायन कर चुकी है। पूरे पांच साल अमेठी से राहुल गांधी और सोनिया गांधी रायबरेली से नदारद रहीं। निश्चित रूप से उनके मन में यह भाव रहा है कि अमेठी से चुनाव लड़ने पर जनता उनसे सवाल न पूछ ले, इसीलिए राहुल गांधी रायबरेली के लोगों को भ्रमित करने का प्रयास करेंगे। लेकिन प्रदेश देश की जनता समझदार है और भाजपा पार्टी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अपने कार्यकर्ताओं की सक्रियता मेहनत और संपर्क के आधार पर हम अपना पूरे 10 वर्ष का लेखा-जोखा लेकर जनता के बीच में जा रहे हैं।

राहुल द्वारा प्रधानमंत्री पर आरोप लगाते हुए कहा गया कि रेपिस्टों के लिए पीएम वोट मांग रहे हैं, जिस पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि मामला सब जुडिशियल हैऔर हमारे देश में न्यायपालिका स्वतंत्र है। हम सब लोगों को न्यायपालिका में विश्वास है। हम किसी भी अवैध काम करने वाले व्यक्ति के साथ नहीं है। कानून अपना काम करेगा, जिसने जो काम किया है उसे जरूर सजा मिलेगी।

सपा अध्यक्ष अखिलेश द्वारा भाजपा पर संविधान खत्म करने की बात कहे जाने के सवाल पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में अनुसूचित जाति, पिछड़े वर्गों के बहुत बड़ी संख्या में हमारे कार्यकर्ता, पदाधिकारी जनप्रतिनिधि चुनकर गए हैं। सपा के लोग भ्रमित करने का काम कर रहे हैं। आईएनडीआईए गठबंधन जिस प्रकार से उन्होंने दक्षिण भारत में पिछड़े वर्गों का आरक्षण काटकर मुस्लिम समाज को दिया है। यह षडयंत्र कर रहे हैं और यह लोग षड्यंत्रकारी हैं और एक नेरेटिव सेट करके जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री ने सभी लोगों ने स्पष्ट किया है, और देश की जनता इनके चाल चरित्र को अच्छी तरह से समझती और जानती है।

हिन्दुस्थान समाचार/ विशाल/दीपक/सियाराम

   

सम्बंधित खबर