संथाल परगना के सभी तीन सीटों पर भाजपा की जीत निश्चित: अमर कुमार बाउरी

साहिबगंज, 30 मई (हि.स.)। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में इस बार एनडीए चार सौ से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने दावा किया कि झारखंड की सभी 14 सीटों पर एनडीए के उम्मीदवार जीत रहे हैं।

नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी गुरुवार को साहिबगंज में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि राजमहल, गोड्डा और दुमका लोकसभा क्षेत्र में 1 जून को मतदान होना है और इन सभी तीन सीटों पर एनडीए उम्मीदवार जीतेंगे। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ जनता के लाडले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए गठबंधन इस चुनाव में चार सौ से अधिक सीटों पर जीत हासिल करेगा और मोदी तीसरी बार देश की कमान संभालेंगे।

बाउरी ने कहा कि संथाल परगना वर्तमान में देश दुनिया के मीडिया में सुर्खियों में हैं। संथाल परगना में विशेष रूप से भ्रष्टाचार, वंशवाद और तुष्टिकरण की राजनीति झारखंड की झामुमो, कांग्रेस और आरजेडी की सरकार कर रही है। वर्ष 2019 में जब से राज्य में महाठगबंधन की सरकार आई है तब से लेकर आज तक राज्य के हर क्षेत्र में इस सरकार के नेताओं और अधिकारियों ने लूटने का काम किया है। वहीं संथाल परगना की बात करें तो बरहेट के विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार के आरोप में आज जेल में बंद है। पाकुड़ से कांग्रेस के विधायक और कैबिनेट मंत्री आलमगीर आलम के कर्मचारियों के घर से 35 करोड रुपये बरामद किए गए। आज पाकुड़, बरहेट सहित संथाल परगना की जनता बदनाम हो रही है, जिसका जवाब इस बार के आम चुनाव जनता देगी।

उन्होंने बताया कि संथाल परगना के कई क्षेत्रों में बांग्लादेशी मुस्लिम घुसपैठियों ने संथाल परगना टेंडेंसी एक्ट का उल्लंघन करते हुए अपनी बस्ती बसा रहे है। वो लोग यहां के मूलवासियों की महिलाओं, बेटियों के साथ शादी कर फिर उन्हें किसी संवैधानिक पद पर चुनाव लड़वा कर इस क्षेत्र में अपनी पकड़ को मजबूत कर रहे है। नेता प्रतिपक्ष ने जामताड़ा जिले का उदाहरण देते हुए कहा कि जामताड़ा के कई सरकारी स्कूल के नाम उर्दू स्कूल कर दिए गए, वहीं रविवार की सार्वजनिक छुट्टी को बदलकर शुक्रवार कर दिया गया। इतना ही नही संथाल परगना की महिलाओं और बेटियों को घुसपैठियों के द्वारा उनकी बात नही मनाने के कारण हत्या कर दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि झारखंड में चरणबद्ध तरीके से आदिवासी अस्मिता को खत्म करने की साजिश इस ठगबंधन सरकार वर्षो से कर रही है। यह सरकार अपने वर्तमान को बेहतर बनाने में जुटी है, जबकी इन्हें राज्य के भविष्य से कोई मतलब नही है। उन्होंने कहा कि इस बार का आम चुनाव आदिवासी की अस्मिता से जुड़ी हुई है और मुझे यकीन है कि इस बार देश की जनता एनडीए को तीसरी बार 400 से अधिक सीट पर जीत दिलवा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/वंदना/सुनील

   

सम्बंधित खबर