पंजाब व चंडीगढ़ में चुनाव प्रचार थमा, अंतिम दिन सभी दलों ने झौंकी ताकत

- एक जून को होगा पंजाब की 13 व चंडीगढ़ की एक सीट पर मतदान

चंडीगढ़, 18 मई (हि.स.)। पंजाब व राजधानी चंडीगढ़ में एक जून को होने वाले सातवें चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार गुरुवार की शाम बंद हो गया। पंजाब में इस बार कुल 328 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें से 169 निर्दलीय उम्मीदवार हैं तो अन्य सभी उम्मीदवार विभिन्न पंजीकृत राजनीतिक दलों से संबंधित हैं। राज्य की 13 लोकसभा सीटों में से लुधियाना में सबसे अधिक 43 और सबसे कम 14 उम्मीदवार फतेहगढ़ साहिब लोकसभा हलके से चुनाव मैदान में हैं।

पंजाब में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने होशियारपुर में सातवें चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार की अंतिम रैली को संबोधित किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी आज पंजाब के शहीदभगत सिंह जिला में रैली को संबोधित किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अमृतसर तथा फरीदकोट में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आनंदपुर साहिब व लुधियाना में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। शिरोमणि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने मानसा में चुनावी जनसभा को संबोधित किया।

उधर, पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ में भी आज शाम चुनाव प्रचार बंद हो गया। चंडीगढ़ सीट पर कुल 19 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मुख्य मुकाबला कांग्रेस तथा भाजपा के बीच है। चंडीगढ़ में गुरुवार को कोई बड़ा कार्यक्रम नहीं हुआ। अलबत्ता बुधवार की रात यहां पर आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने रोड शो किया तो भाजपा की तरफ से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पीयूष गोयल तथा मनोज तिवारी ने अलग-अलग क्षेत्रों में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनीत

   

सम्बंधित खबर