पन्ना प्रमुख भाजपा की सबसे बड़ी ताकत : निशि दुबे

-चारों दिशा से एक ही आवाज -अबकी बार 400 पार, फिर बने मोदी सरकार

प्रयागराज, 09 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी फूलपुर संसदीय क्षेत्र में बहादुरपुर मंडल के शक्ति केंद्र से पन्ना प्रमुखों का सम्मेलन आरम्भ हुआ। मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश समिति के सदस्य निशि दुबे ने कहा कि पन्ना प्रमुख भाजपा की सबसे मजबूत कड़ी है।

दुबे ने पन्ना प्रमुखों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज देश से लेकर प्रदेश तक प्रदेश से लेकर नगर ब्लॉक, वार्ड और जिले की सरकार भारतीय जनता पार्टी की बनी है तो उसका सबसे बड़ा श्रेय पन्ना प्रमुखों को जाता है। आज देश के कोने-कोने से एक ही आवाज आ रही है ‘अबकी बार 400 पार फिर बने मोदी सरकार’ और इस आवाज को परिणाम में बदलने की ताकत सिर्फ पन्ना प्रमुखों के ऊपर निर्भर है। इसलिए वाम की आवाज को हमें परिणाम में बदलना है और पूरी ताकत के साथ चुनाव के अंतिम दौर तक हमें एक-एक वोट डलवाने का काम करना है।

उन्होंने आगे कहा कि यह चुनाव सिर्फ चुनाव नहीं बल्कि विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी कड़ी और देश को दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए होगा। जिसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संकल्प लेकर निकले हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो संकल्प लिया था उसे पूरा किया है।

इस अवसर लोकसभा प्रभारी बालेंदु मणि त्रिपाठी, संयोजक विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, हौसला प्रसाद, गंगापार जिलाध्यक्ष कविता सिंह पटेल, जिला प्रवक्ता बृजेश त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को साकार रूप देने के लिए उनके मिशन को धार देने के लिए पन्ना प्रमुख जुट जाएं और देश को खंडित करने वाली कांग्रेस, सपा के मंसूबों को धराशाई कर दें। हमें फूलपुर संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी प्रवीण पटेल को प्रचंड बहुमत के साथ जिताना है, इसके लिए हम पूरी ताकत लगा दें।

कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन मंडल अध्यक्ष राकेश सिंह ने किया। इस अवसर पर शिवकुमार, प्रशांत केसरी, कन्हैया लाल पांडे, वीरेंद्र बहादुर सिंह, बृजेश त्रिपाठी, संजय द्विवेदी, मनोज द्विवेदी, आनंद वैश्य सुदर्शन, शक्ति केंद्र संयोजक एवं पन्ना प्रमुख गण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/सियाराम

   

सम्बंधित खबर