सिलीगुड़ी में पेयजल के मुद्दे पर भाजपा महिला मोर्चा का विरोध प्रदर्शन, पुलिस के साथ झड़प

सिलीगुड़ी, 01 जून (हि.स.)। पेयजल के मुद्दे पर शनिवार को भाजपा की महिला मोर्चा ने सिलीगुड़ी नगर निगम (एसएमसी) का घेराव किया। एसएमसी में प्रवेश करने से रोकने पर पुलिस के साथ महिला मोर्चा की झड़प हो गई। जिससे इलाके में काफी तनाव फैल गया।

उल्लेखनीय है कि एसएमसी द्वारा आपूर्ति किए जाने वाली पेयजल पीने का योग्य नहीं है। मेयर गौतम देव ने कुछ दिन पहले शहरवासियों से उक्त पानी नहीं पीने की अपील की थी। मेयर की इस घोषणा के बाद सिलीगुड़ी में हड़ंकप मच गया। इस मुद्दे पर शुक्रवार को सिलीगुड़ी सांगठनिक भाजपा की तरफ से एसएमसी का घेराव कर प्रदर्शन किया गया था। इससे पहले माकपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने मेयर गौतम देव को घेर कर जमकर प्रदर्शन किया था।

वहीं, शनिवार को इसी मुद्दे पर भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं-समर्थकों ने सिर पर मिट्टी के बर्तन लेकर सिलीगुड़ी बाघाजतिन पार्क के सामने से एक रैली निकाली। भाजपा महिला मोर्चा की रैली जैसे एसएमसी में प्रवेश करने की कोशिश की तो महिला पुलिस ने रोक दिया। जिससे महिला पुलिस और भाजपा समर्थकों और नेताओं के साथ महिला पुलिस की झड़प शुरू हो गई। इसके बाद महिला मोर्चा की सदस्यों ने एसएमसी के सामने मिट्टी के बर्तन को तोड़कर अपना गुस्सा जाहिर किया जिससे तनाव फैल गया। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति नियंत्रण में आई। रैली में डाबग्राम-फूलबाड़ी विधायक शिखा चटर्जी समेत अन्य नेता मौजूद थे।

शिखा चटर्जी ने कहा कि एसएमसी का जहरीला पानी पीने से कई लोग बीमार हो गए हैं। हम मेयर को इसकी जानकारी देने आए थे, लेकिन उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने महिला मोर्चा के समर्थकों की पिटाई कर दी। उन्होंने मेयर से इस्तीफे की मांग की है। हिन्दुस्थान समाचार /सचिन /गंगा

   

सम्बंधित खबर