उप्र में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना

- वातावरण शुष्क होने से स्वास्थ्य के लिए बहुत नुकसानदाय है भीषण गर्मी

कानपुर, 01 जून (हि.स.)। सूरज की आग उगलती लपटों से लोग इस कदर परेशान हैं कि घरों पर दुबकने को मजबूर हैं। इसके साथ ही वातावरण में आर्द्रता की कमी से गर्मी विकराल रुप धारण किये हुए है जो स्वास्थ्य के लिए बहुत नुकसानदायक है। मौसम विभाग का कहना है कि केरल में प्री मानसून के तहत बारिश शुरु हो चुकी है और दो से पांच जून के बीच उत्तर प्रदेश में स्थानीय स्तर पर धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना है, पर इससे भी गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने शनिवार को बताया कि मध्य अरब सागर के कुछ और भागों, दक्षिण अरब सागर के शेष भागों, लक्षद्वीप और केरल, कर्नाटक के कुछ भागों, तमिलनाडु के कुछ और भागों तथा दक्षिण-पश्चिम और मध्य बंगाल की खाड़ी में अगले दो दिनों में मानसून के आगमन के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं। पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी अफ़गानिस्तान और उससे सटे पाकिस्तान पर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में है। उत्तर-पूर्व असम और उसके आस-पास के क्षेत्रों पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश पर चक्रवाती परिसंचरण से एक द्रोणिका दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश, दक्षिण बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम से होते हुए निचले स्तरों पर पश्चिमी बांग्लादेश तक फैली हुई है।

मध्य गुजरात और उसके आस-पास के क्षेत्रों पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है जो समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर ऊपर तक फैला हुआ है। दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत पर अक्षांश 8° उत्तर के पास एक कतरनी क्षेत्र समुद्र तल से 3.1 और 4.5 किलोमीटर ऊपर तक फैला हुआ है। केरल तट के पास दक्षिण-पूर्वी अरब सागर पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं बंगाल की खाड़ी से पूरे उत्तर भारत में नम हवाएं आने लगी हैं। इसके साथ ही राजस्थान से गर्म हवाएं भी आ रही हैं, दोनों के मिलने से गर्मी लोगों को अधिक परेशान कर रही है। हालांकि आगामी दिनों उत्तर प्रदेश में स्थानीय स्तर पर धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना है। इसके अलावा कानपुर सहित बुन्देलखण्ड में मेघ गर्जन आकाशीय बिजली और तेज गर्म हवाएं चलेंगी।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 44.8 और न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 57 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 24 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्व रहीं जिनकी औसत गति 6.3 किमी प्रति घंटा रही। इसके साथ ही दिन और रात के तापमान सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर