हाथी के हमले में एक किशोर की मौत

नगांव (असम), 01 जून (हि.स.)। नगांव जिलांतर्गत कांदली गांव में हाथी औऱ इंसान के बीच संघर्ष की घटनाएं आए दिन सामने आती रहती हैं। कांदली हाबी गांव में जंगली हाथी के हमले में एक किशोर की मौत हो गई। किशोर का शव हाबी गांव में एक खेत के बीच में आज सुबह पाया गया।

भोजन की तलाश में कार्बी पहाड़ से यहां आए जंगली हाथी द्वारा किशोर पर हमला किये जाने की संभावना जतायी गयी है। सूचना मिलते ही आज सुबह वन विभाग के कर्मी मौके पर पहुंच गए। कांदली में जंगली हाथी के हमले में मारे गए किशोर की पहचान मोरीगांव माझगांव के रवि देउरी के रूप में हुई है।

किशोर नगांव में रांगलू ग्राम विकास परिषद के बटरफ्लाई अनाथालय से भाग गया था। रवि अपने एक दोस्त के साथ गायब हुआ था। स्थानीय लोगों ने विक्की नांगवंशी मुंडा नामक किशोर को बचाया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। दोनों दोस्त रात में ही अनाथालय से फरार हो गए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरी घटना का जायजा लिया। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में भेज दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार/प्रकाश/श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर