कोलाघाट में अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाका

पूर्व मेदिनीपुर, 10 जून (हि.स.)। पूर्व मेदिनीपुर जिले के कोलाघाट ब्लॉक के पयाग गांव में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में रविवार रात विस्फोट हो गया। इस घटना में फैक्ट्री और उसके पास के दो मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव के कुछ लोग पटाखा बनाने का काम करते थे। आरोप है कि विस्फोट के बाद कई परिवारों ने इलाका छोड़ दिया है। कोलाघाट ब्लॉक के इस गांव में सोमवार सुबह से ही पुलिस बलों को तैनात कर दिया गया है। मौके पर फोरेंसिक टीम भी पहुंच रही है।

इस घटना में आनंद माइति नाम के शख्स का घर पूरी तरह जलकर खाक हो गया है। कई अन्य स्थानीय घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। रात में कोलाघाट थाने की बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची। साथ में दो दमकल गाड़ियां भी पहुंची। सोमवार सुबह आग पर काबू पाया गया।

खबर लिखे जाने तक घायलों की संख्या स्पष्ट नहीं थी। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बताया गया कि इसकी आवाज कई किलोमीटर तक सुनी गई। हिन्दुस्थान समाचार /धनंजय /गंगा

   

सम्बंधित खबर