ट्रक से कुचलकर बाइक सवार की मौत

हुगली, 12 जून (हि.स.)। घनी आबादी क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक सवार को कुचल दिया। शव बरामद करने के दौरान पुलिस को विरोध का सामना करना पड़ा। आरामबाग-बिष्णुपुर राज्य सड़क संख्या-2 बेंगाई चौमाथा गोघाट में यह घटना घटी। मृत व्यक्ति का नाम प्रतीक घोष (42) है, जो सेनई गांव का रहने वाला है। बुधवार सुबह वह बेंगाई बाजार जा रहा था। आरामबाग से विष्णुपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने युवक को कुचल दिया। पुलिस ने खातूल चेक पोस्ट पर हत्यारी लॉरी और उसके ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए और मुआवजे की मांग करते हुए स्थानीय लोगों ने आरामबाग-बिष्णुपुर राज्य राजमार्ग-2 को अवरुद्ध कर दिया।

कथित तौर पर प्रतीक का शव काफी देर तक दुर्घटनास्थल पर पड़ा रहा। कुछ ही दूरी पर पुलिस कैंप होने के बावजूद पुलिस नहीं पहुंची। मृतक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस करीब एक घंटे बाद आयी। बाद में जब पुलिस आई तो स्थानीय लोगों ने पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए पुलिस का घेराव कर प्रदर्शन शुरू कर दिया जिस कारण स्टेट हाईवे नंबर-2 पर भीषण जाम लग गया। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से जाम हटाया गया। हिन्दुस्थान समाचार /धनंजय /गंगा

   

सम्बंधित खबर