अतिक्रमण हटाने के नाम पर व्यापारियों के शोषण का लगाया आरोप
- Admin Admin
- Jun 12, 2024
हरिद्वार, 12 जून (हि.स.)। महानगर कांग्रेस कमेटी रूड़की के जिला अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को नगर निगम के मुख्य नगर अधिकारी कार्यालय का घेराव किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अतिक्रमण हटाने के नाम पर व्यापारियों के शोषण का आरोप लगाया।
महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने कहा कि पिछले कई दिनों से नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। जो लोग अतिक्रमण नहीं भी कर रहे हैं उन्हें भी परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण मुक्त करने से पहले व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना आवश्यक है। जो लोग नियमित अतिक्रमण कर रहे हैं तथा बिना वेंडर लाइसेंस के अतिक्रमण कर रहे हैं उनके खिलाफ कार्रवाई किया जाना उचित होगा। लेकिन जो लोग अतिक्रमण नहीं कर रहे हैं उनको परेशान नहीं किया जाए।
इसी के साथ चौधरी ने मांग की कि बारिश के समय रुड़की में जल भराव की समस्या ना हो इसलिए सभी नालों की सफाई भी की जाए। जिन नालों की सफाई की जा चुकी है उनका महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा निरीक्षण कर मुख्य नगर अधिकारी को बताया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/वीरेन्द्र