जदयू राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में आम चुनाव के बाद की राजनीतिक स्थिति पर होगी चर्चा

पटना, 14 जून (हि.स.)। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक इसी माह की 29 तारीख को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में होगी। दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के डिप्टी स्पीकर हॉल में सुबह 11.30 बजे से होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में संपन्न हुए आम चुनाव के बाद की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा होगी।

जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा के मुताबिक, मु्ख्यमंत्री व जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। सभी राज्यों के जदयू प्रदेश अध्यक्ष इस बैठक में शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त, जदयू के सभी केंद्रीय मंत्री व पार्टी के सांसद इस बैठक में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विशेष रूप से राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में सबसे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इस आम चुनाव में सफलता के लिए धन्यवाद का प्रस्ताव लिया जाएगा। केंद्र की सरकार में जदयू की सहभागिता पर भी चर्चा होगी।

बैठक में आम चुनाव में जदयू को हासिल मतों की क्या स्थिति रही और जिन सीटों पर जदयू को जीत नहीं मिली उसके कारणों पर भी विमर्श होगा। देश के महत्वपूर्ण विषयों पर जदयू की एनडीए में किस तरह की मौजूदगी रही इस पर भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में प्रस्ताव लिए जाएंगे। अन्य राज्यों में जदयू के विस्तार से जुड़े प्रस्ताव को भी लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ गोविन्द/चंद्र प्रकाश

   

सम्बंधित खबर