इंडी गठबंधन विधानसभा के उप चुनाव में भाजपा को फिर से हरायेगी : अजय राय
- Admin Admin
- Jun 15, 2024
एनडीए की लंगड़ी सरकार कभी भी गिर जाएगी : अजय राय
कानपुर, 15 जून (हि.स.)। केन्द्र में मौजूदा समय में जो एनडीए की सरकार बनी है वह एक लंगड़ी सरकार है। इस सरकार पर भरोसा नहीं किया जा सकता कि कब तक रहेगी, किसी भी समय गिर सकती है।
उन्होंने कहा कि अब हमारे कार्यकर्ता व पदाधिकारी संगठन को सशक्त बनाने की दिशा में काम करेंगे। इंडी गठबंधन पूरी तरह से मजबूत है। आगामी विधानसभा के उप चुनाव में इंडी गठबंधन भाजपा को उत्तर प्रदेश में फिर से हरायेगी।
यह बातें शनिवार को कानपुर पहुंचे उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कही।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि जो कांग्रेस पर तंज कस रहे हैं, वह कांग्रेस की मौजूदा स्थिति देख लें। हमारे संगठन ने लोकसभा चुनाव में जो प्रदर्शन किया, वह शानदार रहा। कानपुर सीट को लेकर उन्होंने कहा कि हम हारे जरुर हैं, लेकिन कांग्रेस को शहर के अंदर चार लाख से भी अधिक वोट मिले, जो अब तक किसी कांग्रेस उम्मीदवार नहीं पाया।
उन्होंने कहा कि हम तो ये दावा भी कर रहे हैं कि आने वाले सभी उपचुनावों में कांग्रेस ही जीतेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी निजी तौर पर तीन गारंटीयों को पूरा करने का दम भरते थे। यूपी में 80 साफ देश में 400 पार और बनारस में 10 लाख के ऊपर जीत का दम भरने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असफल हो गए। उनकी नीतियों से विश्वास उठ चुका है। अयोध्या और काशी की जनता ने साफ संदेश दे दिया है कि देश में धर्म के नाम पर अधर्म की राजनीति नहीं होगी।
हिन्दुस्थान समाचार/अजय/राजेश