लखनऊ में संत समाज ने निकाली गोमती गौरव पदयात्रा

लखनऊ, 16 जून(हि.स.)। लखनऊ में संत समाज ने रविवार को गोमती गौरव पदयात्रा निकाली। गोमती से जल लेकर मनकामेश्वर महादेव को जलाभिषेक के बाद गोमती गौरव पदयात्रा आरम्भ हुई। बाबूगंज, गोकर्णनाथ मार्ग, मोहन मेकिन तिराहे से पक्का पुल होते हुए लेटे हुए हनुमान मंदिर पर पहुंचकर पदयात्रा का समापन हुआ।

गोमती की स्वच्छता और नदियों की रक्षा के लिए पदयात्रा में मनकामेश्वर मंदिर की महंत देव्या गिरी, हनुमंत धाम के महंत बाबा रामसेवक दास, चिन्मया मिशन के प्रमुख कौशिक चैतन्य जी महाराज, लेटे हुए हुनमान मंदिर के प्रबंधक डाक्टर विवेक तांगड़ी, महंत मुस्कान दिनेशानंद मुख्य रुप से शामिल हुए। इसके अलावा लोक भारती संस्था के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बृजेन्द्र पाल, अध्यक्ष विजय बहादुर सहित तीन सौ लोगों ने पदयात्रा की।

कुकरैल नदी के भगीरथ से सम्मानित अनिल कुमार सिंह ने बताया कि गोमती गौरव पदयात्रा जैसा कि नाम से ही स्पष्ट हो रहा है, गोमती नदी की स्वच्छता और अविरलता के लिए यह पहला कदम उठाया गया है। इसमें संत समाज का सानिध्य मिला है। इसके बाद आगे गोमती नदी को लेकर और भी कार्यक्रम किये जायेंगे।

उन्होंने बताया कि लोक भारती सहित तमाम सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने गोमती गौरव पदयात्रा में भागीदारी की। गोमती को स्वच्छ करने के लिए आगे और भी अभियान चलेगा। नये लोगों को जोड़ा जायेगा और घाटों पर स्वच्छता कार्यक्रम भी चलाये जायेंगे। समापन के अवसर पर संतों की ओर से मिले पाथेय में गोमती और अन्य नदियों को लेकर सारी बातें स्पष्ट हो गयी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ शरद/राजेश

   

सम्बंधित खबर