दिल्ली-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसानों ने फ्री करवाया सबसे महंगा लाडोवाल टोल प्लाजा

चंडीगढ़, 16 जून (हि.स.)। नेशनल हाईवे अथारिटी की तरफ से टोल की दरों में बढ़ोतरी किए जाने से गुस्साए पंजाब के किसानों ने रविवार को दिल्ली-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित लाडोवाल टोल प्लाजा को फ्री कर दिया। यह टोल लुधियाना व जालंधर के बीच लाडोवाल में बना हुआ है। यह टोल पंजाब में सबसे महंगे टोल के नाम से प्रसिद्ध है।

भारतीय किसान मजदूर यूनियन के पदाधिकारी पूर्व घोषणा के बाद रविवार की दोपहर टोल पर पहुंचे और कर्मचारियों को हटाकर टोल बूथ खाली करा दिए। इसके बाद उन्होंने खाली पड़ी लेन में दरी बिछाकर धरना लगा दिया है। किसानों का कहना है कि जब तक टोल के रेट कम नहीं किए जाते, वह अनिश्चितकाल के लिए टोल को फ्री रखेंगे। इस दौरान गाड़ियां बिना टैक्स दिए टोल से गुजर रही हैं।

किसान नेताओं के अनुसार साल में तीसरी बार इस टोल के रेट बढ़ाए गए हैं। पंजाब का यह सबसे महंगा टोल है। उन्होंने कहा कि अगर किसी वाहन पर फास्ट टैग नहीं है तो उसे एक चक्कर के लिए 430 रुपये टैक्स देना पड़ता है। अगर लुधियाना के निवासी को फिल्लौर जाना है तो उसका ईंधन खर्च 200 रुपये है, जबकि उसका टैक्स 400 रुपये से अधिक है। यह किसी भी सूरत में जायज नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनीत

   

सम्बंधित खबर