भवसागर से पार लगती है प्रभु श्री राम की कथा : कपिल मुनि

हरिद्वार, 17 जून (हि.स.)। कृष्णा नगर स्थित श्री हरेराम आश्रम में ब्रह्मलीन स्वामी असंगानन्द महाराज की 52वीं पुण्यतिथि पर श्री रामकथा आयोजित हुई। महामंडलेश्वर स्वामी कपिल मुनि महाराज के पावन सान्निध्य में कथा के तीसरे दिन कथा व्यास स्वामी गोपालराम रामद्वारा ने कहा कि श्री राम कथा के श्रवण से व्यक्ति में उत्तम चरित्र का निर्माण होता है और उसके जीवन की सभी दुश्वारियां का शमन होता है। राम कथा के ज्ञान को जो व्यक्ति अपने व्यवहार में धारण कर लेता है उसका जीवन भवसागर से पार हो जाता है।

स्वामी कपिल मुनि महाराज ने कहा कि भगवान श्री राम जैसे महापुरुष का नाम मात्र लेने से ही व्यक्ति के अंतःकरण की शुद्धि हो जाती है। मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम ने अपने जीवन में सभी बाधाओ का बड़ी सहजता के साथ सामना करते हुए समाज को एक आदर्श संदेश प्रदान किया। हम सभी को उनके चरित्र से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपना सहयोग सुनिश्चित करना चाहिए।

मुख्य अतिथि डॉ विष्णु दत्त राकेश ने बताया कि श्री हरे राम आश्रम द्वारा प्रतिवर्ष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। उसी क्रम में श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। भगवान श्रीराम हम सबके आराध्य हैं। भगवान श्री राम का चरित्र समाज को जोड़ने का कार्य करता है। इसके साथ ही त्यागमय जीवन जीने का की प्रेरणा देता है। श्री राम कथा श्रवण करने से अपना लोककल्याण होता है।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन के कारोबारी महंत गोविन्द दास महाराज, कार्यक्रम संयोजक डॉ जितेन्द्र सिंह, स्वामी उमेश मुनि, स्वामी केशव मुनि, स्वामी कृष्ण मुनि, स्वामी ब्रह्म मुनि, स्वामी नामदेव महाराज, आचार्य संतोष मैडम बीकानेर, नवीन पंडित एवं सैकड़ों श्रद्धालु एवं भक्तगण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/सत्यवान/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर